29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Weather: गंगापुर सिटी में नींबू के आकार के गिरे ओले, खैरथल में झमाझम बारिश, कई जिलों में बदला मौसम

Rajasthan Weather: राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। करौली, अलवर, सवाई माधोपुर समेत कई जिलों से ओलावृष्टि, आंधी और बारिश की खबरे सामने आई हैं। अलवर जिले के बानसूर कस्बे में तेज आंधी के कारण एक बड़ा पेड़ घर पर गिर गया।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

May 29, 2026

Rajasthan Mausam

गंगापुर सिटी में नींबू के आकार के गिरे ओले (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन कुछ इलाकों में नुकसान भी हुआ। गंगापुरसिटी, करौली, खैरथल और बानसूर सहित कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अचानक बदलने से जनजीवन प्रभावित नजर आया। कहीं नींबू और बेर के आकार के ओले गिरे तो कहीं तेज आंधी में पेड़ टूटकर मकानों पर जा गिरे।

गंगापुरसिटी में शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज गर्मी और उमस के बीच अचानक बादल छा गए और कुछ ही देर में ओलावृष्टि शुरू हो गई। करीब पांच से छह मिनट तक नींबू के आकार के बड़े ओले गिरते रहे। इसके साथ तेज बारिश भी हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली।

दिनभर बादलों की लुकाछिपी के बाद मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को चौंका दिया। कई लोग घरों से बाहर निकलकर ओले गिरने का नजारा देखने लगे।

करौली में हुई ओलावृष्टि

इसी तरह करौली जिले में भी दोपहर बाद अचानक मौसम ने पलटी मारी। बादलों की आवाजाही के बीच कई इलाकों में ओले गिरे और हल्की बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं। मौसम में आई ठंडक से लोगों ने राहत महसूस की। पिछले कई दिनों से जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण आमजन परेशान थे।

खैरथल में हुई बारिश

उधर, खैरथल में शुक्रवार अलसुबह मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां बेर के आकार के ओलों ने पूरे इलाके को सफेद चादर की तरह ढक दिया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई बारिश, तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ करीब डेढ़ घंटे तक जारी रही। खेत, सड़कें और मकानों की छतें ओलों से ढकी नजर आईं। मौसम में अचानक आई ठंडक से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, ओलावृष्टि से सब्जी की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी सब्जियां ओलों की मार से प्रभावित हुई हैं।

बानसूर में दो पेड़ मकान पर गिरे

वहीं अलवर जिले के बानसूर कस्बे में तेज आंधी के कारण बड़ा हादसा टल गया। तहसील कार्यालय के पीछे स्थित पीडब्ल्यूडी परिसर में लगे दो बड़े पेड़ टूटकर पास के एक मकान पर गिर गए। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि उस समय कोई व्यक्ति मकान की छत या बाहर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मकान मालिक महेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि अचानक तेज आंधी के बीच दोनों पेड़ उखड़कर मकान पर गिर पड़े। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने संबंधित अधिकारियों से पेड़ हटाने की मांग की है।

गर्मी से मिली राहत

राजस्थान में मौसम के इस बदले रुख ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के लिए चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है।