जयपुर

प्रतियोगिता परीक्षा में ओएमआर शीट बदलने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

खुद की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाने पर गिरफ्तार हो चुका था आरोपी, उसके बाद ठगी चालू कर दी  

2 min read
Feb 16, 2024
आंध्र प्रदेश की 27 वर्षीय गृहिणी का चेन्नई में फेफड़ों का सफल प्रत्यारोपण

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने प्रतियोगिता परीक्षा की ओएमआर शीट बदलने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल को अभ्यर्थी बनाकर जाल बिछाया और आरोपी को स्टेच्यू सर्कल से गुरुवार को पकड़ा और अनुसंधान के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि बाड़मेर में लाभू का तला निवासी महेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार किया है। सूचना मिली थी कि महेन्द्र चौधरी एएनएम भर्ती परीक्षा 2023 व जीएनएम भर्ती परीक्षा के नाम से पैसे मांग रहा है। इस पर हेड कांस्टेबल महावीर सिंह को डमी अभ्यर्थी बनाया और आरोपी से बात करवाई। आरोपी ने एएनएम भर्ती परीक्षा में ओएमआर शीट बदलने का आश्वासन दिया। इसके बदले 6 लाख रुपए में सौदा तय किया। आरोपी ने 50 हजार रुपए बैंक खाता में ट्रांसफर करवा लिए और गुरुवार को जयपुर पहुंचने पर ओएमआर शीट दिखाने के बाद ढाई लाख रुपए लेने की बात कही। आरोपी गुरुवार को जयपुर पहुंचा, लेकिन एसओजी की लगातार कार्रवाई का हवाला दिया और जगह बदलते हुए शाम को स्टेच्यू सर्कल पर मिलने बुलाया, तभी आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी खुद की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाने के मामले में पहले गिरफ्तार हुआ था, जिसके बाद उसने ठगी शुरू कर दी।

अभ्यर्थी को मिलने वाली ओएमआर शीट की फोटो खींच लेते

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी महेन्द्र से पूछताछ में सामने आया कि गिरोह में उसका साथी प्रीतम गुर्जर व उसकी महिला मित्र भी शामिल है। दोनों साथी अभ्यर्र्थी से उसको मिलने वाली ओएमआर शीट मंगवाते हैं। बातों में उलझाकर उसकी फोटो खींच लेते हैं। आरोपी का साथी दूर चला जाता है और अभ्यर्थी के सामने आरोपी अपने साथी को फोन कर ओएमआर शीट के संबंध में जानकारी लेता है। दूर जाकर ओएमआर शीट की फोटो से सवालों के उत्तर देखकर आरोपी का साथी अभ्यर्थी की ओएमआर शीट से मिलान करवाता है, ताकि अभ्यर्थी को संदेह न हो और फिर पैसे लेकर भाग निकलते हैं। मामले में प्रीतम व उसकी महिला मित्र की तलाश की जा रही है।

Published on:
16 Feb 2024 10:38 pm
Also Read
View All