
दूदू। जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार अलसुबह दूदू थाना इलाके के दांतरी गांव के पास सड़क हादसे में दो जनों की मौत हो गई। राजसमंद से जयपुर जा रही पिकअप अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन के नीचे दबने से एक युवती और एक सात वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पाली जिले का एक परिवार राजसमंद से पिकअप में घर का सामान भरकर जयपुर जा रहा था। शनिवार तड़के जब वाहन दांतरी के पास पहुंचा तो अचानक पिकअप एक टायर फट गया। रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप बीच सड़क पर ही कई बार पलट गई। हादसे इतना भीषण था कि पिकअप के नीचे दबे लोग बाहर नहीं निकल पाए।
हादसे की सूचना मिलते ही दूदू पुलिस थाने से रामअवतार चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटी पिकअप को सीधा करवाया और नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल कर तुरंत दूदू के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रेखा (22) पुत्री जोरानाथ निवासी केरली थाना खिंवाडा जिला पाली निवासी और राधिका (7) पुत्री गोरखनाथ निवासी नारलेई थाना देसूरी जिला पाली को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल मुकेश (30) का उपचार जारी है।