जयपुर

कांग्रेस में टिकट वितरण पर ‘बवाल’, जयपुर जिलाध्यक्ष के घर को कार्यकर्ताओं ने घेरा, जमकर विरोध-प्रदर्शन

Jaipur Congress protest: जयपुर में नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के घर के बाहर प्रदर्शन कर स्थानीय कार्यकर्ताओं को टिकट देने की मांग की।
2 min read
Aug 31, 2026
congress protest
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के आवास का किया घेराव

जयपुर में नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर विरोध के सुर तेज हो गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के आवास का घेराव कर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मंजूलता मीणा के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी जमीनी स्तर पर सक्रिय और स्थानीय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर बाहरी लोगों या अपने करीबी नेताओं को टिकट देने की तैयारी कर रही है।

मंजूलता मीणा का क्या है कहना?

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मंजूलता मीणा ने कहा कि वह जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के जगतपुरा ब्लॉक स्थित वार्ड नंबर 64 से कांग्रेस टिकट की दावेदार हैं। यह वार्ड एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है और वह इसी क्षेत्र की स्थानीय निवासी व मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष होने के नाते वह लगातार पार्टी के लिए काम कर रही हैं और जमीनी स्तर पर महिलाओं की आवाज उठाती रही हैं। मीणा ने पार्टी के नियमों और महिला कांग्रेस कोटे को ध्यान में रखते हुए उन्हें टिकट देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने सड़क से लेकर पार्टी के मंच तक कांग्रेस की आवाज को मजबूती से उठाया है, इसलिए अब उन्हें भी चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए।

कांग्रेस की क्या है टिकट वितरण गाइडलाइन?

कांग्रेस ने राजस्थान के निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर साफ किया है कि जिस वार्ड से कोई उम्मीदवार चुनाव लड़ना चाहता है, उसका उसी वार्ड का निवासी होना जरूरी होगा। पार्टी ने वार्ड बदलकर टिकट मांगने की कोशिशों को हतोत्साहित करने की बात कही है। इसके साथ ही टिकट देने में लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी प्राथमिकता देने की बात सामने आई है। इसी गाइडलाइन का हवाला देते हुए मंजूलता मीणा टिकट की मांग कर रही हैं।

11 सितंबर को जयपुर में होंगे नगर निगम चुनाव

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो चुका है। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा और सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। बता दें कि नामांकन की आखिरी तारीख 31 अगस्त है। वहीं बीजेपी ने आज (सोमवार) को जयपुर के 150 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है, जिससे पार्टी में टिकट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा है।