जयपुर

जयपुर में शादीशुदा महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव, बर्थडे पार्टी में मिलकर दोस्ती बढ़ाई, फिर होटल ले जाकर किया बलात्कार

Jaipur Crime: जयपुर में महिला से दोस्ती कर आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा। एक साल तक अलग-अलग होटलों में शोषण किया और धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया।
2 min read
Apr 10, 2026
Jaipur Crime Married Woman Alleges Pressure to Religion change Raped After Friendship Began at Birthday Party
महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)

Jaipur Crime News: जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से मानवता को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पहले महिला से दोस्ती की, फिर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।

बता दें कि आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िता को साल भर तक ब्लैकमेल किया और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया।

बर्थडे पार्टी से शुरू हुई थी जान-पहचान

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात आरोपी से करीब दो साल पहले एक बर्थडे पार्टी में हुई थी। शुरुआती जान-पहचान जल्द ही दोस्ती में बदल गई और दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। महिला को अंदाजा भी नहीं था कि यह दोस्ती उसके लिए एक भयावह सपना साबित होगी।

नशीला पदार्थ पिलाकर बनाया शिकार

घटनाक्रम के मुताबिक, करीब एक साल पहले आरोपी ने महिला को काम के बहाने मिलने के लिए बुलाया। वह उसे झांसा देकर एक होटल ले गया, जहां आरोपी ने महिला के पीने के पानी में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घिनौनी करतूत का अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो भी बना लिया।

ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का टॉर्चर

जब पीड़िता को होश आया और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया। पिछले एक साल से आरोपी इसी वीडियो के दम पर उसे ब्लैकमेल कर अलग-अलग होटलों में ले जाकर देहशोषण करता रहा।

हद तो तब हो गई, जब आरोपी ने पीड़िता पर अपने पति को छोड़ने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
आरोपी पिछले काफी समय से पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी के बढ़ते दबाव और टॉर्चर से परेशान होकर अंततः पीड़िता ने अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई।

पुलिस की कार्रवाई

पति के सहयोग से पीड़िता ने गुरुवार को थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जयपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाकर जांच को आगे बढ़ाया गया है।

Updated on:
10 Apr 2026 12:08 pm
Published on:
10 Apr 2026 12:07 pm