
जयपुर। पुलिस से बचने के लिए सामान्य मोबाइल कॉल से दूरी और सिर्फ वॉट्सऐप कॉल का इस्तेमाल कर लगातार ठिकाने बदल रहा कुख्यात नशा तस्कर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आदर्श नगर थाना पुलिस ने आमागढ़ कच्ची बस्ती निवासी सोनू सांसी (30) को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसी कलां से गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई को ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने सोनू की पत्नी रेखा सांसी को 7.15 ग्राम स्मैक और 17,200 रुपए के साथ पकड़ा था।
पूछताछ में सामने आया था कि उसे स्मैक पति सोनू उपलब्ध कराता था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वह लम्बे समय से अपनी पत्नी के साथ मिलकर जयपुर में नशे का कारोबार चला रहा था। 20 दिन पहले स्मैक बेचते पत्नी के अरेस्ट होने पर जयपुर छोड़कर भाग निकला था।
साइबर सेल के हेड कांस्टेबल संजय राहड़ को तकनीकी जांच के दौरान आरोपी के आगरा में होने की सूचना मिली। इसके बाद थाना पुलिस की विशेष टीम यूपी रवाना हुई। जब आरोपी कोसी कलां में अपनी बुआ के घर जाने की फिराक में था, तब पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी सोनू के खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी कानून के तहत 14 तथा उसकी पत्नी रेखा पर 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बता दें कि डीएसटी-ईस्ट और ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 16 जुलाई को खानिया बंधा कच्ची बस्ती निवासी रेखा सांसी (28) को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति बाहर से थोक में स्मैक लाकर उसे देता था। इसके बाद वह स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर नशे के आदी लोगों को 200 से 300 रुपए में बेचती थी। महिला से 7.15 ग्राम स्मैक और 17,200 रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपी महिला वर्ष 2020 से अब तक छह बार एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पकड़ी जा चुकी है। इसके बावजूद वह जेल से छूटकर दोबारा स्मैक बेचते हुए पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपी रेखा सांसी को कोर्ट में पेश कर जेसी भेज दिया।
आरोपी महिला रेखा सांसी के खिलाफ वर्ष 2020, 2023, 2024 और 2026 में कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें से अधिकांश मामले एनडीपीएस एक्ट और एक मामला आबकारी अधिनियम का है। कई मामलों में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और कोर्ट में सुनवाई जारी है। पुलिस अब महिला के पति और स्मैक की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हैं।