जयपुर

जयपुर में जुटेंगे 10 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि, राजस्थान में नर्सिंग के हालात पर होगी चर्चा, एआई-रोबोटिक्स से बदलेगी नर्सिंग

नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल पर जयपुर में 5 और 6 सितंबर को ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 होगा।
2 min read
Aug 19, 2026
PATRIKA PHOTO
PATRIKA PHOTO

जयपुर। नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल पर जयपुर में 5 और 6 सितंबर को ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 होगा। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होने वाले दो दिवसीय समिट में 10 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। नर्सिंग शिक्षा को आधुनिक तकनीक, वैश्विक अनुभव और बदलती स्वास्थ्य जरूरतों से जोड़ने पर चर्चा होगी। राजस्थान नर्सिंग काउंसिल की ओर से प्रतिभागियों को 10 क्रेडिट पॉइंट्स भी दिए जाएंगे।

नर्सिंग में नए आयामों पर होगा मंथन

समिट के प्रोग्राम सेक्रेटरी पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि राजस्थान में नर्सिंग की मौजूदा स्थिति और भविष्य की जरूरतों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में नर्सिंग के क्षेत्र में लगातार नए आयाम जुड़ रहे हैं। राजस्थान में संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक तकनीक और संसाधनों के अनुरूप ट्रेनिंग देने वाले विशेषज्ञों की जरूरत है। सरकार को नर्सिंग क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान देना होगा।

भर्ती परीक्षा से हो, संविदा से नहीं

कुंभज ने कहा कि नर्सिंग में स्थायी भर्ती परीक्षा के माध्यम से होनी चाहिए। संविदा के आधार पर नियुक्तियां करने से नर्सिंग प्रोफेशनल्स को स्थायित्व नहीं मिलता। उनका कहना है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की जरूरत है और इसके लिए भर्ती, प्रशिक्षण और करियर से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करना होगा।

रोबोट और वीआर का लाइव एक्सपीरियंस

समिट में तकनीक का केवल प्रस्तुतिकरण नहीं होगा, बल्कि प्रतिभागियों को इसका लाइव अनुभव भी कराया जाएगा। ह्यूमनॉइड रोबोट, रोबोट डॉग, वर्चुअल रियलिटी, होलोग्राफिक डिस्प्ले, एआई और एडवांस्ड हेल्थकेयर सिमुलेशन का प्रदर्शन होगा। वीआर और सिमुलेशन के जरिए आपातकालीन स्थिति, क्लिनिकल प्रक्रिया और नर्सिंग स्किल्स की ट्रेनिंग को किस तरह बेहतर बनाया जा सकता है, यह दिखाया जाएगा।

नर्सिंग का विकल्प नहीं, मददगार है एआई

समिट के चेयरपर्सन डॉ. राहुल शर्मा ने कहा कि एआई और रोबोटिक्स नर्स का विकल्प नहीं हैं। इनका इस्तेमाल नर्स की क्लिनिकल स्किल, निर्णय लेने की क्षमता और मरीजों की देखभाल को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है। समिट का उद्देश्य भारतीय नर्सिंग प्रोफेशनल्स और स्टूडेंट्स को भविष्य की तकनीक से जोड़ना है।

26/11 की नर्स अंजलि कुलथे भी होंगी शामिल

मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के दौरान मरीजों की जान बचाने में भूमिका निभाने वाली नर्स अंजलि कुलथे भी समिट में शामिल होंगी। नर्सिंग स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स उनसे सीधे संवाद कर उनके अनुभव जान सकेंगे। पद्म श्री से सम्मानित शांति टेरेसा लकड़ा भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। आयोजकों के अनुसार समिट में देश-विदेश के विशेषज्ञ नर्सिंग शिक्षा, तकनीक, प्रशिक्षण और हेल्थकेयर के बदलते स्वरूप पर विचार साझा करेंगे।

Updated on:
19 Aug 2026 09:15 pm
Published on:
19 Aug 2026 09:15 pm