18 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में निगम चुनाव से पहले फूटा गुस्सा, मंगलम सिटी में धरने पर बैठे लोग, बोले: सड़क नहीं बनी तो होगा वोटिंग का बहिष्कार

वार्ड संख्या 26 स्थित मंगलम सिटी में स्थानीय लोगों का तीन दिन से धरना प्रदर्शन जारी है। सड़क बनाने की मुख्य मांग को लेकर लोगों में आक्रोश दिखाई दे रहा है।
2 min read
Google source verification
PATRIKA PHOTO

PATRIKA PHOTO

जयपुर। राजस्थान की सबसे बड़ी विधानसभा झोटवाड़ा में नगर निगम चुनाव से पहले विकास कार्यों को लेकर विरोध तेज हो गया हैं। मामला कालवाड़ रोड़ पर वार्ड संख्या 26 स्थित मंगलम सिटी का है। जहां स्थानीय लोगों का तीन दिन से धरना प्रदर्शन जारी है। सड़क बनाने की मुख्य मांग को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा सिवरेज, पानी सहित अन्य मांगे है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आ जाते हैं और विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद सब भूल जाते है। जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो चुनाव में वोटिंग का बहिष्कार किया जाएगा।

तीन दिन से धरना, भूख हड़ताल जारी

धरने में शामिल दीपमाला शर्मा ने बताया कि वह 16 अगस्त से भूख हड़ताल पर बैठी हैं। उनके साथ विक्रम सिंह राठौड़ और दशरथ सिंह भी भूख हड़ताल में शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मंगलम सिटी में इतने गड्ढें है कि आदमी रोड पर नहीं गड्ढों में चलता है। पूरे जयपुर में ऐसी एक भी कॉलोनी नहीं है, जिसमें इतने गड्ढें होंगे। इससे ज्यादा शर्मनाक बात यह है कि स्थानीय नेताओं को मंगलम सिटी सिर्फ चुनावों में याद आती है। इसके बाद वह इस इलाके को भूल जाते है। यहां पर विकास के नाम पर नेता ​सिर्फ आश्वासन देते है।

विधायक, सांसद और जेडीए अधिकारी नहीं पहुंचे

धरने के बावजूद अब तक क्षेत्रीय विधायक, सांसद या जेडीए के किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर प्रदर्शनकारियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि वे लगातार अपनी समस्याओं को जिम्मेदारों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर आकर उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

वोट मांगने आए तो नेताओं का करेंगे विरोध

प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगामी नगर निगम चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान यदि कोई भी नेता मंगलम सिटी में वोट मांगने आता है तो उसका विरोध किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी भूख हड़ताल

दीपमाला शर्मा और अन्य प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी। उनका कहना है कि प्रशासन यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान करता है तो आंदोलन समाप्त किया जा सकता है, अन्यथा प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा।

विधायक का आवास घेरने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि वे अपनी मांगों को लेकर विधायक राज्यवर्धन सिंह के निवास का घेराव भी कर सकते है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।