
जयपुर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े दो बदमाशों को पुलिस ने शनिवार शाम गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश से पिस्टल और कारतूस लेकर जयपुर आते थे और यहां जरूरत के हिसाब से उन्हें बेचते थे। खास बात यह है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए दोनों ने दिहाड़ी मजदूर का काम अपना रखा था। तलाशी में इनके पास से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस मिले हैं। पुलिस को पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े और हथियार मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेन्द्र उर्फ कुलविंदर उर्फ कुलदीप उर्फ अजय गुर्जर (24) और सोमित्रा लोधी (26) शामिल हैं। दोनों मध्य प्रदेश के भिण्ड-मुरैना के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों करीब तीन साल से जयपुर में रह रहे थे। उन्होंने खोराबीसल इलाके के मां दुर्गा विहार-5 में किराए पर कमरा ले रखा था। इसी ठिकाने से वे मजदूरी के साथ अवैध हथियारों की सप्लाई का काम भी चला रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दिहाड़ी मजदूरी को ढाल बनाया हुआ था। इससे आसपास के लोगों को भी उनके असली काम का अंदाजा नहीं हुआ। हथियारों की डिमांड मिलने पर धर्मेन्द्र के कहने पर सोमित्रा मध्य प्रदेश जाता था। वहां से अवैध पिस्टल और कारतूस खरीदकर उन्हें जयपुर लाया जाता था। इसके बाद ग्राहक मिलने पर इन्हें आगे बेच दिया जाता था। इस तरह दोनों लंबे समय से जयपुर में रहकर सप्लाई का काम कर रहे थे।
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी मध्य प्रदेश से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदते और जयपुर में उन्हें ज्यादा दाम पर बेचते थे। एक पिस्टल की बिक्री पर करीब 10 से 15 हजार रुपए तक का मुनाफा कमाने की बात सामने आई है। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर में पहले भी काफी संख्या में तस्करी कर लाए गए हथियार बेचने की जानकारी दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार किन लोगों को बेचे गए और इनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
डीएसटी वेस्ट के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लेकर खोराबीसल इलाके में सप्लाई करने पहुंचे हैं। इसके बाद डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने शनिवार शाम इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस बरामद किए। कार्रवाई के बाद आरोपियों को खोराबीसल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।