16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur: 1.50 लाख में किया था शादी का सौदा, दुल्हन घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही कार में बैठकर हुई फरार

जयपुर में शादी का झांसा देकर ₹1.50 लाख ठगने का मामला सामने आया है। स्टाम्प पर एग्रीमेंट कराकर घर भेजी गई दुल्हन उसी शाम कार में बैठकर फरार हो गई। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर जामडोली थाने में FIR दर्ज कराई है।
2 min read
Google source verification
jaipur fake marriage case

Ai Generated Image

जयपुर. शादी की उम्मीद लगाए बैठे एक 40 साल के युवक के साथ जयपुर में ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी करवाने के नाम पर बिचौलिए ने उससे 1.50 लाख रुपए लिए। इसके बाद एक युवती को दुल्हन बनाकर घर भेजा गया, लेकिन उसी शाम वह कार में बैठकर फरार हो गई। कई दिन इंतजार के बाद भी जब युवती वापस नहीं लौटी और पैसे भी नहीं मिले तो युवक ने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को जामडोली थाने में जालसाज गैंग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

रिश्तेदार ने बताया- विनोद पैसे लेकर करवा देता है शादी

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार युवक आगरा रोड पर रहने वाला है और वह काफी समय से शादी नहीं होने के कारण परेशान था। मई 2026 में उसका एक रिश्तेदार घर आया। उसने बताया कि उसकी खुद की शादी भी नहीं हो रही थी, लेकिन उसके परिचित विनोद ने पैसे लेकर उसकी शादी करवा दी थी। रिश्तेदार ने दावा किया कि विनोद पहले भी कई लोगों की शादी करवा चुका है। इसके बाद कुछ दिन में उसने युवक की मुलाकात विनोद से करवाई।

1.50 लाख में पसंद की लड़की से शादी का सौदा

विनोद ने युवक से शादी करवाने के बदले 1.50 लाख रुपए मांगे। 26 मई 2026 को वह अपनी पत्नी और दो अन्य लड़कियों के साथ युवक के घर पहुंचा। उसने दोनों युवतियों को बिहार की रहने वाली बताया और कहा कि दोनों में से जिसे पसंद करोगे, उसी से शादी करवा दी जाएगी। युवक ने उनमें से एक लड़की को पसंद कर लिया। इसके बाद तय सौदे के मुताबिक उसने विनोद को 1.50 लाख रुपए दे दिए। युवक को लगा कि अब उसकी शादी होने वाली है।

कोर्ट मैरिज के नाम पर बुलाया

विनोद ने 26 मई को युवक को कोर्ट मैरिज के लिए जयपुर कलक्ट्रेट बुलाया। वहां 500 रुपए के स्टाम्प पर युवक और युवती का शादी का एग्रीमेंट तैयार करवाकर दोनों के साइन कराए गए। जब युवक ने कोर्ट मैरिज की बात पूछी तो उसे बताया गया कि अभी कोर्ट मैरिज नहीं हुई है। इसके बाद उसे 50 रुपए का शपथ-पत्र दिया गया और कहा गया कि एक-दो दिन में आर्य समाज में विधिवत शादी करवा दी जाएगी। साथ ही शादी का प्रमाण-पत्र भी देने का भरोसा दिलाया गया।

दुल्हन शाम को कार में बैठकर हो गई फरार

युवक का भरोसा कायम रखने के लिए युवती को उसके साथ घर भेज दिया गया। सबकुछ सही चल रहा था, लेकिन उसी शाम करीब 5 बजे घर के बाहर एक स्विफ्ट कार आकर रुकी। युवती घर से बाहर निकली और सीधे कार में जाकर बैठ गई। युवक ने जब यह देखा तो उसने कार का काफी दूर तक पीछा किया। आरोप है कि कार सवार लोगों ने स्पीड़ बढ़ा दी और कुछ ही देर में उसे चकमा देकर फरार हो गए। इसके बाद युवती वापस नहीं लौटी।

पैसे मांगने पर की टालमटोल

युवती के जाने के बाद युवक ने शादी करवाने वाले लोगों से संपर्क किया। उसने युवती को वापस लाने और अपने 1.50 लाख रुपए लौटाने की बात कही, लेकिन आरोप है कि आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और रकम लौटाने से मना कर दिया। कई दिन गुजरने के बाद युवक को अपने साथ धोखा होने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को जामडोली थाने में जालसाज गैंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग