16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर हनीट्रैप: 7 साल लिव-इन में रहकर ठगे 25 लाख; बॉयफ्रेंड संग बिजनेसमैन को कुचलवाने की साजिश का भी आरोप

Jaipur Businessman Honeytrap: जयपुर में बिजनेसमैन को प्रेमजाल में फंसाकर 25 लाख ऐंठने और जानलेवा हमले की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 7 साल लिव-इन में रहने के बाद युवती, उसकी मां और कथित बॉयफ्रेंड के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3 min read
Google source verification
jaipur honeytrap

Ai Generated Image

जयपुर में एक बिजनेसमैन को प्यार के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और करीब 25 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। बिजनेसमैन ने एक युवती, उसकी मां और युवती के कथित बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि युवती पहले दोस्ती कर करीब 7 साल तक उसके साथ लिव-इन में रही। इस दौरान एक बेटा भी हुआ। बाद में पैसों और प्रॉपर्टी की मांग शुरू कर दी और अब बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर एक्सीडेंट करवाकर उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है। जानकारी के अनुसार पीड़ित ने 13 अगस्त को पुलिस में FIR दर्ज कराई है।

जिम में हुई थी मुलाकात

बिजनेसमैन के अनुसार साल 2019 में उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी दौरान जिम में उसकी युवती से दोस्ती हुई। दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें बढ़ने लगीं। युवती जिम में उसके लिए कॉफी लेकर आती थी। आरोप है कि एक दिन कॉफी के बहाने उसे अपने घर बुलाया और फिजिकल रिलेशन बनाने की बात कही। इससे नाराज होकर बिजनेसमैन ने उससे दूरी बना ली। बाद में युवती जिम पहुंची और माफी मांगते हुए दोबारा ऐसा कुछ नहीं करने का भरोसा दिलाया।

मंदिर ले जाकर लिव-इन के लिए कराया राजी

बिजनेसमैन ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर 2019 को युवती उसे टोंक रोड स्थित नेहरू गार्डन ले गई। वहां प्यार और शादी की बात कहकर उस पर दबाव बनाने लगी। उसने शादी की इच्छा जताई, लेकिन बिजनेसमैन ने पहली पत्नी से तलाक नहीं होने की बात कहते हुए इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद युवती उसे मोतीडूंगरी गणेश मंदिर ले गई और लिव-इन में पत्नी की तरह रहने की बात कही। मंदिर में रोने-धोने के बाद उसने हामी भर दी और उसी दिन युवती उसके घर आ गई।

लिव-इन के दौरान हुआ बेटा

बिजनेसमैन का आरोप है कि लिव-इन में रहने के दौरान युवती की मांगें लगातार बढ़ती गईं। महंगी शॉपिंग, ब्यूटी पार्लर, रेस्टोरेंट और घूमने-फिरने के लिए पैसे खर्च करवाने के साथ गहनों और कैश की मांग की जाने लगी। जून 2021 में दोनों के बेटे का जन्म हुआ। इसके बाद युवती आए दिन 10-15 हजार रुपए कैश लेने लगी। आरोप है कि खर्च का कोई हिसाब नहीं देती थी और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करती थी। बदनामी के डर से बिजनेसमैन उसकी हरकतें सहता रहा।

आधी प्रॉपर्टी की भी रखी मांग

दिसंबर 2024 में बिजनेसमैन के छोटे भाई की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई। परिवार पहले से इस सदमे में था, लेकिन इसी दौरान घर में विवाद हुआ और युवती सहेली के घर चली गई। आरोप है कि इसके बाद उसने आधी प्रॉपर्टी अपने नाम करने और 20 लाख रुपए कैश देने की मांग रखी। परिवार के विरोध पर घर में तोड़फोड़ भी की। बिजनेसमैन का कहना है कि ब्लैकमेल कर वह अब तक करीब 25 लाख रुपए ले चुकी थी। वहीं कार की मांग को लेकर हुए विवाद में उसने उसके मुंह पर नाखून मारे और टोमेटो केचअप की बोतल फेंककर चोट पहुंचाई।

तलाक हुआ तो शादी से मुकरने का आरोप

इसी बीच बिजनेसमैन का पहली पत्नी से तलाक हो गया। उसका आरोप है कि तलाक होने के बाद युवती ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बजाय आधी प्रॉपर्टी अपने नाम करने का दबाव बनाया। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर मांग पूरी नहीं की तो उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। बिजनेसमैन को इसी दौरान उसे युवती के किसी दूसरे युवक से संबंध होने का शक हुआ। पीछा करने पर उसे बॉयफ्रेंड के बारे में पता चला और वॉट्सऐप चैट में आपत्तिजनक मैसेज व वीडियो-फोटो मिलने का भी दावा किया।

बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश का आरोप

बिजनेसमैन का आरोप है कि उसे युवती के कथित बॉयफ्रेंड को टाटा टियागो कार दिलाने की जानकारी भी मिली। इसके बाद उसे शक हुआ कि दोनों मिलकर उसे नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। 6 जून 2026 को युवती कथित तौर पर बेटे के साथ घर से सोने-चांदी के गहने और गोल्ड का सामान लेकर चली गई। बिजनेसमैन जब उसके घर पहुंचा तो उसे धमकी दी गई कि अपनी मौत की तैयारी कर लो। उसका आरोप है कि 7 जून के बाद 4-5 बार भारी वाहनों से उसका एक्सीडेंट होते-होते बचा। उसे शक है कि ये हादसे जानबूझकर करवाए गए।

पीड़ित ने युवती, उसकी मां और कथित बॉयफ्रेंड के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। जांच अधिकारी भोपाल सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग