जयपुर

Jaipur : IOCL की भूमिगत पाइपलाइन में किया छेद, 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चुराया, SOG ने एक और आरोपी को दबोचा

IOCL Crude Oil Theft : आइओसीएल की भूमिगत पाइपलाइन में छेद कर करीब 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी करने के मामले में एसओजी ने एक और आरोपी रविन्द्र धारी यादव को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Jaipur IOCL pipeline punctured 8 lakh litres crude oil stolen one arrested
IOCL : मास्टरमाइंड आरोपी रविन्द्र धारी यादव गिरफ्तार। फोटो पत्रिका

IOCL Crude Oil Theft : इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) की भूमिगत पाइपलाइन में सेंध लगाकर करीब 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रविन्द्र धारी यादव (60 वर्ष) भरूच (गुजरात) का रहने वाला है। एसओजी ने आरोपी को अदालत से 9 दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

छेद कर लगाया था वाल्व

मार्च-अप्रेल 2025 में ब्यावर जिले की मसूदा तहसील स्थित नासून गांव में चरागाह भूमि से गुजर रही आइओसीएल की सलाया-मथुरा पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी होने का मामला सामने आया था। आरोपियों ने भूमिगत पाइपलाइन में छेद कर अवैध वाल्व फिट कर दिया था। इसके बाद लोहे और हाइड्रोलिक प्लास्टिक पाइप फ्लेंज की मदद से करीब 285 मीटर लंबी नाली खोदकर क्रूड ऑयल को बाहर निकालने की पूरी व्यवस्था की गई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 8 लाख लीटर यानी 36 टैंकर क्रूड ऑयल पार किया था। घटना के संबंध में अप्रेल 2025 में आइओसीएल ब्यावर के सहायक प्रबंधक संजय कुमार सेन ने एसओजी थाना जयपुर में मामला दर्ज कराया था।

यूपी-गुजरात तक पहुंची जांच

एसओजी ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों से हुई पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा आगे बढ़ाया, जिससे गिरोह के तार उत्तर प्रदेश और गुजरात तक जुड़े होने का खुलासा हुआ। इसी दौरान रविंद्र धारी यादव की मुख्य भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। एसओजी अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पाइपलाइन में वाल्व लगाने, क्रूड ऑयल निकालने और उसे टैंकरों के जरिए किसे बेचा गया था तथा इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अब तक दस आरोपी गिरफ्तार

एसओजी टीम ने सबूत जुटाए। एसओजी टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। टीम ने एफएसएल, साइबर, फुट प्रिंट और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की मदद से मौके से सबूत इकठ्ठा किए गए। एसओजी की तकनीकी शाखा ने बीटीएस डेटा और दूरसंचार कंपनियों से मिली सीडीआर का विश्लेषण किया। अनुसंधान में रविंद्र धारी यादव की संलिप्तता सामने आने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक दस आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य वांछित आरोपियों और संदिग्धों के बारे में एसओजी जांच और अनुसंधान कर रही है।

Updated on:
31 Aug 2026 09:49 pm
Published on:
31 Aug 2026 09:48 pm