जयपुर

Jaipur Crime: नींबू उधार नहीं देने पर मारपीट के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस, लंगड़ाते नजर आए

Jaipur Crime: नींबू उधार नहीं देने पर सब्जी विक्रेता की हुई पिटाई मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका उसी बाजार में जुलूस निकाला। इस दौरान वे लंगड़ाते नजर आए।

2 min read
Apr 30, 2026
Jaipur lemon
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। शहर में मामूली बात पर हुई हिंसा ने कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए, लेकिन इस बार पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपियों को सख्त संदेश भी दे दिया। मामला शहर के जयसिंहपुरा खोर इलाके का है, जहां नींबू उधार न देने पर कुछ युवकों ने एक सब्जी विक्रेता पर हमला किया था।

घटना 25 अप्रैल की बताई जा रही है। पप्पूलाल सैनी नामक दुकानदार की दुकान पर कुछ युवक नींबू उधार लेने पहुंचे थे। दुकानदार ने पहले से बकाया उधारी और बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए उधार देने से इनकार कर दिया। बस इसी बात पर विवाद बढ़ गया और युवक आक्रामक हो उठे। देखते ही देखते उन्होंने दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से पप्पूलाल पर हमला कर दिया।

सीसीटीवी में वारदात हुई थी कैद

हमलावरों को जब यह अहसास हुआ कि उनकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है, तो वे दुकानदार को खींचकर बाहर ले गए और सड़क पर भी उसकी पिटाई जारी रखी। इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई।

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

मारपीट का वीडियो 29 अप्रेल को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। स्थानीय थाने के प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों- मोहित, किशन, अमित और शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने निकाला जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी इलाके में पैदल घुमाया। इस दौरान वे नंगे पैर, अस्त-व्यस्त हालत में और लंगड़ाते हुए नजर आए। यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बन गई और लोगों ने इसे अपराध के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा।

पुलिस कार्रवाई की हो रही सराहना

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की शिकायत के आधार पर की गई। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर हिंसा करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्ती जारी रहेगी, ताकि समाज में कानून का डर बना रहे और आम नागरिक सुरक्षित महसूस करें।

Published on:
30 Apr 2026 03:51 pm