जयपुर

Jaipur LPG Crisis: 25 दिन के बुकिंग नियम ने बढ़ाई मुश्किल, 15 से 20 दिन में खत्म हो रहा सिलेंडर, गृहिणियों ने निकाला नया रास्ता

LPG Crisis: राजधानी जयपुर में एलपीजी संकट ने विकराल रूप ले लिया है। गैस आपूर्ति सुचारू करने के लिए लागू किया गया 25 दिन में एक बुकिंग का नियम अब बड़े और संयुक्त परिवारों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।

2 min read
Apr 15, 2026
Jaipur LPG Crisis 25 Day Booking Rule Causes Trouble as Cylinders Run Out in 15-20 Days Homemakers Find New Ways
संयुक्त परिवारों पर भारी पड़ रही 25 दिन की रोक (फोटो- पत्रिका)

Jaipur LPG Crisis: जयपुर: एलपीजी संकट के बीच घरेलू गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति के लिए लागू किया गया 25 दिन की बुकिंग का नियम अब संयुक्त परिवारों के लिए गले की हड्डी बन गया है, जिन घरों में सदस्यों की संख्या अधिक है। वहां सिलेंडर 18 से 20 दिन में ही खत्म हो रहा है।

ऐसे में गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को कम से कम पांच से सात दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। इस मजबूरी में गृहिणियां रसोई को इलेक्ट्रिक इंडक्शन जैसे उपकरणों की मदद से हाइब्रिड मोड पर चलाने को विवश हैं।

'नियम के आगे बेबस'

शहर की गैस एजेंसियों पर रोजाना हजारों ऐसे उपभोक्ता पहुंच रहे हैं, जो बुकिंग के लिए मिन्नतें करते हैं। लेकिन संचालकों का साफ कहना है कि सिस्टम 25 दिन से पहले बुकिंग स्वीकार नहीं करता।

बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर की आपूर्ति अब भी अनिश्चित

एजेंसी संचालकों के अनुसार, बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर की आपूर्ति अब भी अनिश्चित है। मांग तीन गुना तक बढ़ी हुई है, जबकि आपूर्ति के नाम पर एक या दो गाड़ियां ही मिल पा रही हैं। औसतन 30 से 35 हजार उपभोक्ताओं वाली एजेंसियों के लिए प्रबंधन करना मुश्किल हो रहा है।

'20 दिन में खत्म हो गया सिलेंडर'

हमारा संयुक्त परिवार है और सिलेंडर 20 दिन में ही खत्म हो गया। 25 दिन के नियम के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही। अब इलेक्ट्रिक इंडक्शन के जरिए खाना बना रही हूं।
-साधना विजय, गृहिणी, विद्याधर नगर

'16 दिन में गैस सिलेंडर खत्म'

घर में मेहमानों का आना-जाना ज्यादा रहा, जिससे 16 दिन में ही गैस खत्म हो गई। अब इंडक्शन पर खाना बना रहे हैं, ताकि किसी तरह रसोई का काम चल सके।
-निशा, गृहिणी, दुर्गापुरा

बॉटलिंग प्लांटः आपूर्ति में भारी कटौती

  • हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी): पिंडवाड़ा, नसीराबाद, कोटा और बीकानेर में तीन प्लांट बंद रहे। सप्लाई मात्र 50 प्रतिशत रही।
  • भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरशन लिमिटेड (बीपीसीएल): नसीराबाद और बीकानेर प्लांट बंद रहे। जयपुर प्लांट एक शिफ्ट में चला, जिससे सप्लाई 70 प्रतिशत रही।
  • इंडियन ऑयलः बीकानेर और झुंझुनूं जिले में दो प्लांट बंद रहे। अजमेर और जयपुर प्लांट को एक शिफ्ट में चलाने से मात्र 60 प्रतिशत आपूर्ति हो सकी।
Updated on:
15 Apr 2026 09:38 am
Published on:
15 Apr 2026 09:14 am