जयपुर

जयपुर: किराए की SUV में घूमने गया था इकलौता बेटा, लौटकर आई लाश; मां का रो-रोकर बुरा हाल, 3 हिरासत में

जयपुर के माधोराजपुरा में तेज रफ्तार किराए की एसयूवी गड्ढे में पलटने से 13 वर्षीय पुलकित की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने चालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
2 min read
Apr 12, 2026
Jaipur Only son dies in rental SUV crash family alleges murder driver among 3 detained in Madhorajpura
मृतक किशोर (फोटो- पत्रिका)

माधोराजपुरा (जयपुर): माधोराजपुरा कस्बे के बीची मार्ग पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरे गड्‌ढे में पलट गई। इस हादसे में माधोराजपुरा निवासी 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि चालक और उसका साथी घायल हो गए।

बता दें कि शनिवार को जब किशोर का शव घर पहुंचा, तो पूरे कस्बे में मातम छा गया। परिजन ने इस घटना को महज हादसा न मानकर हत्या की आशंका जताई है, जिस पर पुलिस ने कार चालक सहित तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

एसयूवी बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिरी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे एक काले रंग की एसयूवी झराणा गांव के पास अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। कार सवार पुलकित पाराशर (13) पुत्र पवन पाराशर उछलकर बाहर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

कार के अंदर फंस गए थे दोस्त

कार चला रहा गणेश मीणा और उसका साथी गणेश खारोल अंदर ही फंस गए, जिन्हें राहगीरों ने बाहर निकाला। पुलकित को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई।

परिजन का रो-रोकर बुरा हाल

पुलकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां रीनू देवी बार-बार बेटे को याद कर बेहोश हो रही थीं। वहीं, पिता पवन पाराशर और बड़ी बहन सोनाक्षी का रो-रोकर बुरा हाल था। शनिवार को अंतिम संस्कार के समय पूरा गांव उमड़ पड़ा और हर शख्स की आंखें नम थीं।

सांगानेर से किराए पर ली थी एसयूवी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चालक इस लग्जरी गाड़ी को सांगानेर से किराए पर लेकर आया था। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या नाबालिगों को कार में बिठाने और लापरवाही से चलाने के पीछे कोई अन्य मंशा थी। फिलहाल, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है।

Updated on:
12 Apr 2026 07:42 am
Published on:
12 Apr 2026 07:42 am