जयपुर

Jaipur News: जेल में बनी ‘Gulel Gang’ की तिकड़ी, जयपुर में 3 दिन में 12 से ज्यादा चोरियां, 2 आरोपी अरेस्ट

Gulel Gang Jaipur: शहर की सड़कों पर खड़ी कारों के कांच तोड़कर कीमती सामान पार करने वाली कुख्यात 'गुलेल गैंग' का जयपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

2 min read
Apr 25, 2026
गुलेल गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, पत्रिका फोटो
गुलेल गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, पत्रिका फोटो

Gulel Gang Jaipur: शहर की सड़कों पर खड़ी कारों के कांच तोड़कर कीमती सामान पार करने वाली कुख्यात 'गुलेल गैंग' का जयपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गैंग के 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जयपुर और आसपास के जिलों में एक दर्जन से अधिक वारदात अंजाम दी थी।

डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इम्तियाज आलम उर्फ अमनराज और रोहित कृष्ण फरीदाबाद (हरियाणा) के निवासी हैं। इनका गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। गैंग का एक सदस्य स्कूटी पर सवार होकर पार्किंग क्षेत्रों में उन कारों की रैकी करता था, जिनमें लैपटॉप या नकदी रखी होती थी। इशारा मिलते ही पावर बाइक पर सवार साथी मौके पर पहुंचते और गुलेल से सटीक पत्थर मारकर कार का कांच चटका देते थे। कांच टूटते ही आरोपी पलक झपकते ही सामान निकालते और बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो जाते थे।

500 कैमरे खंगाले, 80 होटल-गेस्ट हाउस में सर्च

एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) आलोक सिंघल के मुताबिक, आरोपियों ने कानोता, जामडोली, जवाहर नगर और श्याम नगर के अलावा दौसा व भिवाड़ी में भी हाथ साफ किया था। पुलिस टीम ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए करीब 100 किलोमीटर के दायरे में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची और 80 होटल-गेस्ट हाउस के रिकॉर्ड खंगाले, तब जाकर इन बदमाशों का सुराग मिला। गिरोह के खुलासे में तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल गौरव सोलंकी, डीएसटी के हेड कांस्टेबल अविनाश, जवाहर नगर थाने के कांस्टेबल अशोक कुमार व धर्मपाल की अहम भूमिका रही।

जयपुर में 18 से 20 अप्रेल तक की कई वारदात

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इम्तियाज, रोहित और इनके फरार साथी परमजीत यादव की मुलाकात नोएडा की कासना जेल में हुई थी। जेल से छूटते ही तीनों ने गिरोह बना लिया। इन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये दिल्ली से पुरानी स्कूटी और पावर बाइक खरीदी और उनकी नंबर प्लेट बदलकर वारदात में इस्तेमाल किया। ये बदमाश 16 अप्रेल को दिल्ली से निकले और 18 से 20 अप्रेल के बीच जयपुर में ताबड़तोड़ वारदात कर दिल्ली लौट गए। फरीदाबाद में आरोपी चोरी के माल का बंटवारा करते और लैपटॉप और अन्य सामान दिल्ली में बेच देते थे। पुलिस अब फरार साथी परमजीत की तलाश कर रही है।

चार राज्यों में गिरोह सक्रिय

पुलिस के अनुसार गुलेल गैंग राजस्थान के अलावा हरियाणा, दिल्ली और यूपी राज्य में सक्रिय हैं। गिरोह के सदस्य वारदात के लिए अनोखे तरीके अपनाते हैं और वारदात के बाद संबंधित शहर से फरार होकर चोरी के माल का बंटवारा कर लेते हैं। जयपुर में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ने की कार्रवाई करेगी।

Published on:
25 Apr 2026 10:32 am