जयपुर

जयपुरवासियों के मोबाइल पर आया ‘2 घंटे बिजली कटेगी’ का SMS, लेकिन समय गायब; लोग पूछते रहे टाइम

जयपुर डिस्कॉम द्वारा बिजली मेंटेनेंस के लिए उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे एसएमएस में शटडाउन का समय नहीं लिखा जा रहा है। '2 घंटे बिजली बंद रहेगी' का मैसेज पाकर लोग दिनभर असमंजस में रहे कि कटौती कब से कब तक होगी। अधिकारियों ने अब समय स्पष्ट लिखने के निर्देश दिए हैं।
less than 1 minute read
Aug 21, 2026
jaipur residents get power cut sms but timing missing
जयपुर में बिजली कटौती का एसएमएस देख उड़े लोगों के होश (फोटो-एआई)

Jaipur Discom Electricity Shutdown: जयपुर डिस्कॉम प्रबंधन फील्ड इंजीनियरों को हाईटेक करने के दावे कर रहा है, लेकिन फील्ड में हालात चौंकाने वाले हैं। बिजली तंत्र के मेंटेनेंस के लिए शहर के कई सब डिवीजनों में लिए जा रहे शटडाउन में इसकी नजीर देखने को मिल रही है।

उपभोक्ताओं को मोबाइल भेजे मैसेज

बता दें कि सब डिवीजनों में मेंटेनेंस के लिए शटडाउन की सूचना उपभोक्ताओं को मोबाइल मैसेज के जरिए भेजी जा रही है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि मैसेज में सिर्फ इतना लिखा जा रहा है कि तकनीकी व्यवधान के कारण दो घंटे बिजली बंद रहेगी। उपभोक्ताओं को यह जानकारी नहीं दी जा रही कि बिजली कितने बजे से कितने बजे तक बंद रहेगी। असमंजस के इस शटडाउन में एचटीएम विंग के इंजीनियरों की लापरवाही सामने आ रही है।

लैपटॉप ऑन, बिजली गुल

आदर्श नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने गुरुवार को अपनी आपबीती पत्रिका को बताई। उपभोक्ताओं ने बताया कि बुधवार को मोबाइल पर दो घंटे बिजली बंद रहने का मैसेज मिला। मैसेज पढ़कर उपभोक्ता दिनभर असमंजस में रहे कि बिजली कब आएगी।

एक गली के उपभोक्ताओं को पूरा मैसेज

बिजली उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके घर के सामने वाली गली में रहने वाले उपभोक्ताओं को शटडाउन के समय वाला मैसेज भेजा गया। जबकि उनकी गली में सिर्फ दो घंटे शटडाउन रहने की जानकारी दी गई। ऐसे में वे पूरे दिन असमंजस में रहे कि शटडाउन का समय क्या रहेगा। यह स्थिति अकेले आदर्श नगर की नहीं, बल्कि पूरे शहर के सब डिवीजनों में देखने को मिल रही है।

क्या बोले अधीक्षण अभियंता

शुक्रवार को सभी इंजीनियरों को पाबंद कर दिया जाएगा कि मोबाइल मैसेज में शटडाउन कितने बजे से कितने बजे तक रहेगा, यह भी लिखा जाए। इससे उपभोक्ता असमंजस की स्थिति में नहीं रहेंगे।
-मनोज गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, जयपुर दक्षिण, जयपुर डिस्कॉम

Updated on:
21 Aug 2026 10:12 am
Published on:
21 Aug 2026 10:12 am