जयपुर

Jaipur Accident: जिस घर में गूंजने वाली थी किलकारी, वहां अब सिर्फ चीखें और सिसकियां; 3 जिंदगियां सड़क हादसे में खत्म

जमवारामगढ़ के पास रोडा नदी के समीप फोरलेन पर तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गोपालगढ़ निवासी मां बल्लू देवी (50), बेटा बिंटु (26) और गर्भवती बहू भावना (19) गंभीर घायल हुए। तीनों को जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
2 min read
Feb 09, 2026
Jaipur Road Accident
बेकाबू बाइक डिवाइडर से टकराई, परिवार के 3 सदस्यों की मौत (फोटो- पत्रिका)

Jaipur road accident: जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जयपुर-जमवारामगढ़ फोरलेन मार्ग पर रोडा नदी के समीप करीब एक बजे तेज रफ्तार बाइक अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।

बता दें कि हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल जमवारामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर एसएमएस अस्पताल जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

इन लोगों की हुई मौत

मृतकों की पहचान गोपालगढ़ गांव निवासी बल्लू देवी लुहार (50), उनके बेटे बिंटु (26) और बहू भावना (19) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, भावना गर्भवती थी, जिससे परिवार और गांव में शोक की लहर और गहरा गई।

बताया जा रहा है कि बिंटु अपनी मां और पत्नी के साथ अपने मालिक के बेटे की शादी में शामिल होने गोपालगढ़ से निम्बी जा रहा था। इसी दौरान रोडा नदी के पास अचानक बाइक असंतुलित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई।

पुलिस जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। तीनों के निधन से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

Updated on:
09 Feb 2026 07:37 am
Published on:
09 Feb 2026 07:35 am