जयपुर

जयपुर में RTO की बड़ी लापरवाही: RC सस्पेंड होने के बाद भी सड़कों पर दौड़ रहीं 450 बसें, उड़नदस्ते क्या कर रहे हैं?

राजधानी जयपुर में आरटीओ की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरसी सस्पेंड होने के बावजूद भी सड़कों पर 450 बसें धड़ल्ले से दौड़ रही हैं। ऐसे में आरटीओ उड़नदस्तों की जांच प्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
jaipur rto negligence
RC सस्पेंड, फिर भी सड़कों पर दौड़ रहीं बसें (पत्रिका फोटो)

Jaipur RTO Negligence Buses Run Despite RC Suspension: जयपुर: मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों की अवहेलना पर परिवहन विभाग पंजीयन प्रमाण-पत्र (आरसी) निलंबित तो कर रहा है, लेकिन इसके बाद वाहनों का संचालन रोकने की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम के अभाव में बिना वैध पंजीयन के वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं और विभाग की कार्रवाई महज कागजों तक सिमटकर रह गई है।

आरसी निलंबित हो चुकी 300 से अधिक बसें आरटीओ द्वितीय एरिया की

जयपुर आरटीओ प्रथम और द्वितीय क्षेत्र में बॉडी कोड के नियमों का पालन नहीं करने पर करीब 450 बसों की आरसी निलंबित की जा चुकी है, जिनमें 397 बसें आरटीओ द्वितीय क्षेत्र की हैं। इसके अलावा करीब 500 भारी वाहन भी इस कार्रवाई के दायरे में हैं।

नियमित निगरानी नहीं करने का बस संचालक उठा रहे फायदा

नियमों के तहत आरसी निलंबन के दौरान बस कहां खड़ी रहेगी, इसकी जानकारी संचालक से ली जाती है, लेकिन बताए गए स्थान पर नियमित निगरानी नहीं की जाती। इसी खामी का फायदा उठाकर संचालक निलंबन अवधि में भी वाहन सड़कों पर उतार रहे हैं।

केस नंबर-1

MP44-ZE-7977: इस वाहन की आरसी 24 नवंबर 2025 को निलंबित की गई थी। इसके बावजूद संचालन जारी रहने पर आरटीओ द्वितीय ने इसे दोबारा पकड़ा और जब्त किया। यह वाहन जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय, शाहपुरा में एक वर्ष से जब्त है।

केस नंबर-2

RJ13-GC-3376: बॉडी कोड के नियमों की अवहेलना पर इस वाहन को 26 जून को पकड़कर इसकी आरसी निलंबित की गई थी। इसके बावजूद निलंबन अवधि में संचालन करते पाए जाने पर इसे फिर से जब्त किया गया।

क्या बोले अधिकारी…

जिन वाहनों की आरसी निलंबित की जाती है, उड़नदस्तों की जांच में उनकी गंभीरता से पड़ताल की जाती है। कार्रवाई के दौरान ऐसे वाहन भी पकड़ में आते हैं और हमने ऐसे कई वाहनों को जब्त भी किया है।
-चंपालाल, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी प्रथम

Updated on:
20 Oct 2026 08:08 am
Published on:
20 Oct 2026 08:08 am