जयपुर

Jaipur Fire: ज्वेलरी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 2 कर्मचारियों की मौत, 4 गंभीर घायल

Jaipur Fire News: जयपुर के सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार दोपहर सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 4 कर्मचारी बेहोश हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
2 min read
• •
Updated: 22 Oct 2026, 7:12 PM IST
jaipur Fire
Jaipur Fire: घटना स्थल पर पहुंची दमकल की गाड़ियां (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार दोपहर सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 4 अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ, जहां फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं के कारण कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 कर्मचारी बेहोश हो गए। सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे आग लगी। उस समय फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे। फैक्ट्री के अंदर सोने की चेन बनाने का काम होता है। आग लगने के बाद परिसर में धुआं फैल गया और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला निवासी रजनीश (19) और मध्य प्रदेश के रीवा जिला निवासी सरस्वती (45) की मौत हुई है। मृतकों के शव महात्मा गांधी अस्पताल के मोर्चरी में रखे गए हैं।

धुआं फैलने से कर्मचारियों का घुटने लगा दम

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। पूरे परिसर में धुआं भर गया, जिसकी वजह से कर्मचारियों का दम घुटने लगा। हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री में फंसे और बेहोश हुए कर्मचारियों को बाहर निकालकर महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 4 कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इन घायलों को अस्पताल में किया गया भर्ती

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में कुल 4 कर्मचारी घायल हुए हैं, जो अलग-अलग प्रदेशों के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के बरेली जिला निवासी अजय पाल (26), मध्य प्रदेश के रीवा जिला निवासी संदीप सिंह (19), मध्य प्रदेश के रीवा जिला निवासी बबलू (32) और पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी लालमोहन (20) घायल हुए हैं। सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबू

दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मच गई। पुलिस और संबंधित टीमें हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक तौर पर भट्टी में ब्लास्ट या शार्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह भी जांच का विषय है कि फैक्ट्री में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और हादसे के समय कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्थाएं मौजूद थीं।

सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में हुई इस घटना ने औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में दो कर्मचारियों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Updated on:
22 Oct 2026, 7:12 PM IST
Published on: