जयपुर

जयपुर के तालकटोरा तालाब में मिला युवती का शव मिलने पर मचा हड़कंप; परिजनों ने प्रेमी पर उकसाने के लगाए आरोप

जयपुर के तालकटोरा तालाब में 25 वर्षीय कशिश कंवर का शव मिला। वह दो दिन से लापता थी। परिजनों ने प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Aug 30, 2026
Jaipur Tal Katora Lake
जयपुर के तालकटोरा तालाब में मिला युवती का शव (File Photo)

जयपुर. तालकटोरा तालाब में रविवार सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवती दो दिन पहले घर से निकली थी और इसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने की सूचना पर नाहरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान नाहरगढ़ रोड के गणगौरी बाजार निवासी 25 वर्षीय कशिश कंवर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

दो दिन पहले घर से निकली थी कशिश

नाहरगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, कशिश कंवर 28 अगस्त की रात को घर से चली गई थी। उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजन अपने स्तर पर उसकी तलाश करने लगे थे। शनिवार रात करीब 12:30 बजे परिजन नाहरगढ़ थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों से कशिश को तलाशने की बात कहकर वहां से चले गए। इसके बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे तालकटोरा तालाब में युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद निकाला

तालकटोरा तालाब में पानी की सतह पर युवती का शव दिखाई दे रहा था जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद मृतका की पहचान की गई और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

तीन साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

मृतका के परिजनों ने नाहरगढ़ थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कशिश कंवर का करीब 3 साल से नाहरगढ़ रोड निवासी रवि जड़ेजा के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब परिवार को दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्होंने रवि के परिजनों से भी बात कर समझाइश की थी। परिजनों का कहना है कि रवि को भी कशिश से दूर रहने के लिए समझाया गया था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि रवि के उकसाने के कारण ही कशिश 28 अगस्त की रात घर से निकली।

पुलिस जांच जारी

नाहरगढ़ थाना पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराया जाना है। कशिश घर से किन परिस्थितियों में निकली थी और तालकटोरा तालाब तक कैसे पहुंची, इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Updated on:
30 Aug 2026 06:00 pm
Published on:
30 Aug 2026 06:00 pm