जयपुर

Jaipur Crime: उधार में नींबू देने से मना किया तो दुकानदार पर हमला, डंडों से पीटा, सीसीटीवी में कैद वारदात

Jaipur Crime: जयसिंहपुरा खोर इलाके में उधार में नींबू देने से मना करने पर पड़ोस में रहने वाले युवकों ने एक दुकानदार पर डंडों से हमला कर दिया। यह घटना सोमवार रात की है, जिसका वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

2 min read
Apr 29, 2026
Jaipur crime
मारपीट के दौरान की तस्वीर (फोटो-सोशल मीडिया)

जयपुर। राजधानी के जयसिंहपुरा खोर इलाके में मामूली बात पर हिंसा का मामला सामने आया है। उधार में नींबू देने से इनकार करने पर कुछ युवकों ने एक दुकानदार पर लाठियों से हमला कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

जानकारी के अनुसार, 2 नंबर बस स्टैंड के पास फल-सब्जी की दुकान चलाने वाले पप्पू लाल सैनी ने इस संबंध में जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे कुंड रोड निवासी मोहित शर्मा नींबू खरीदने आया था। जब दुकानदार ने उससे पैसे मांगे तो उसने भुगतान करने से मना कर दिया और उधार देने का दबाव बनाने लगा। दुकानदार के इनकार करने पर वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ लौट आया।

भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से भागे

इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए दुकानदार पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में पप्पू सैनी के हाथों और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित को बचाया। हालांकि, भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।

पहले भी नहीं लौटाए थे पैसे

पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी कई बार दुकान से उधार सामान ले जा चुका है, लेकिन कभी पैसे वापस नहीं किए। इस बार उधार देने से मना करना ही विवाद का कारण बन गया।

पुलिस जांच में जुटी

थानाधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही इलाके के निवासी हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

Published on:
29 Apr 2026 07:13 pm