
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त जीप (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
सवाई माधोपुर। जिले के रवाजंना डूंगर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इंदरगढ़ माताजी के दर्शन कर लौट रहा परिवार उस वक्त हादसे का शिकार हो गया, जब मुंद्राहेड़ी के आगे बंधे के पास सड़क किनारे खड़ी उनकी जीप को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे बिचपुरी गुजरान निवासी 60 वर्षीय काडू गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो बच्चियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने काडू गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। घायलों में 5 वर्षीय कृपा गुर्जर की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया है, जबकि 16 वर्षीय भारती का इलाज सवाईमाधोपुर जिला अस्पताल में जारी है।
परिजनों के अनुसार, परिवार इंदरगढ़ माताजी के दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहा था। शाम करीब 7:30 बजे वे मुंद्राहेड़ी के पास पानी पीने के लिए रुके थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी खड़ी जीप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
Updated on:
29 Apr 2026 06:26 pm
Published on:
29 Apr 2026 06:25 pm
