
Sawai Madhopur: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा (फोटो-पत्रिका)
सवाई माधोपुर। चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में शनिवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खिजूरी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर चलता हुआ एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गया और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में ट्रक लपटों में घिर गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रक के केबिन में चालक और खलासी फंस गए, जिन्होंने शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ। ट्रक के पलटते ही उसमें भरा सामान आग की चपेट में आ गया और घना धुआं उठने लगा। वाहन में मिर्ची की बोरियां और अन्य पार्सल लदे हुए थे, जो आग लगते ही तेजी से जलकर राख हो गए। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही समय में पूरा कंटेनर जलने लगा।
ट्रक हैदराबाद से अंबाला जा रहा था और यह टीसीएल एक्सप्रेस कंपनी का बताया जा रहा है। हादसे के तुरंत बाद चालक राजू (35) पुत्र कालू सिंह, निवासी राजगढ़ और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए शीशा तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर करीब एक घंटं बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें रखा अधिकांश माल जलकर नष्ट हो चुका था।
सूचना पर रवंजना डूंगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा कारणों से एक्सप्रेसवे पर यातायात को कुछ समय के लिए एक लेन से संचालित किया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक प्रभावित रहा।
बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ट्रक के पलटने के बाद हुए ईंधन रिसाव और घर्षण को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Updated on:
13 Jun 2026 08:23 pm
Published on:
13 Jun 2026 08:23 pm
