
Rajasthan Nikay Chunav : राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 के टिकट फाइनल करने में भाजपा और कांग्रेस पार्टी काफी सोच विचार कर रही है। सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है। भाजपा कार्यकर्ता उम्मीदवारों की सूची को लेकर बेकरार हैं। भावी उम्मीदवारों में घबराहट है कि सूची में उनका नाम होगा या नहीं। इस बीच राजस्थान के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि आज सब कुछ तय हो जाएगा। आज सबको जानकारी दी जाएगी, आज रात तक सभी एप्लीकेशन फ़ॉर्म मिल जाएंगे। सोमवार सुबह प्रत्याशी रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में पहुंच जाएगा, रिटर्निंग अधिकारी को उसका नामांकन पत्र लेना होगा।
कार्यकर्ता का चुनाव कैसे करेगी पार्टी के सवाल पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि जो कार्यकर्ता अपने इलाके में लंबे समय से सक्रिय है, जिसे आम वोटरों और कार्यकर्ताओं का समर्थन हासिल है, वही उम्मीदवार चुनने का मुख्य आधार होता है। इसी आधार पर BJP अपने उम्मीदवारों का फ़ैसला करेगी। पार्टी के लिए हर कोई अहम है।
नाराज कार्यकर्ताओं के सवाल पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा सब सहमत होंगे, हम सबको मना लेंगे। उन्होंने आगे कहा, हमें अपने 32 महीने के अच्छे कामकाज पर पूरा भरोसा है। हमने उन लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जिन्होंने पेपर लीक और धोखाधड़ी के ज़रिए देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा 32 महीनों में हमने पूरी पारदर्शिता के साथ ज़्यादा से ज़्यादा कॉम्पिटिटिव एग्ज़ाम करवाए और लगभग 2 लाख युवाओं को नौकरी दी। इसलिए हमारे युवा भी हमसे खुश हैं। हमने महिलाओं, किसानों और मज़दूरों के लिए भी बहुत काम किया है।
NEET-PG परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खराबी और बिजली जाने के सवाल पर मंत्री खर्रा ने कहा कि आधुनिक तकनीकी युग में इस तरह की कमी सामने आई है। भविष्य में ऐसी समस्याओं को कैसे सुधारा जाए, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा कर दी गई है, जिसके साथ ही संबंधित निकायों में आदर्श आचार संहिता तुरंत लागू हो गई है। इस बार प्रदेश के कुल 309 निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर तथा दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को संपन्न होगा। मतगणना 14 सितंबर को कराई जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होगा। उसी दिन मतदान के बाद मतगणना भी पूरी कर ली जाएगी। उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को बैठक आयोजित की जाएगी।