जयपुर

Jaipur : जन्माष्टमी पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, गोविंददेवजी क्षेत्र ‘नो-व्हीकल जोन’ घोषित, QR कोड से खोजें पार्किंग

Shri Krishna Janmashtami : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान बनाया है। इसके लिए जयपुर शहर की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। गोविंददेवजी मंदिर के लिए ट्रैफिक प्लान जानें।
2 min read
krishna janmashtami jaipur traffic advisory issues know parking qr code
Jaipur : जन्माष्टमी पर जयपुर में आराध्य गोविंददेवजी मंदिर का दृश्य। फोटो पत्रिका

Shri Krishna Janmashtami : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर को शहर मानसरोवर स्थित इस्कॉन मंदिर और जगतपुरा स्थित अक्षय पात्र मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान बनाया है। इसके लिए शहर में विशेष डायवर्जन और नो-व्हीकल जोन लागू किए गए है। जरूरत पड़ने पर प्लान के अतिरिक्त अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है।

जयपुर के पुलिस उपायुक्त (यातायात) यागेश गोयल ने बताया कि गोविंददेवजी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए एक विशेष क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसे मोबाइल से स्कैन करते ही श्रद्धालुओं को निकटतम पार्किंग स्थल, रियल टाइम में पार्किंग की उपलब्धता, यातायात का दबाव और परिवर्तित मार्गों की जानकारी डिजिटल रूप से मिल सकेगी। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड व अन्य अतिआवश्यक सेवाओं के वाहनों का संचालन निर्बाध रहेगा।

ट्रैफिक एडवाइजरी : गोविंददेवजी मंदिर के लिए ट्रैफिक प्लान, यहां वाहन न ले जाएं

नो-व्हीकल जोन : ताल कटोरा रोड, बांदरवाल गेट से जलेबी चौक, पर्यटक थाना तिराहा, ग्लोब ट्रांसपोर्ट, बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक (काले हनुमान मंदिर रोड) तथा सार्दुल सिंह की नाल से आतिश मार्केट की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

पैदल श्रद्धालुओं को अनुमति : बड़ी चौपड़ से जोरावर सिंह गेट और सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ के बीच का मार्ग पूरी तरह से पदयात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा।

प्रतिबंधित क्षेत्र : चांदपोल बाजार, किशनपोल बाजार, गणगौरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, जौहरी बाजार और एमआइ रोड (गवर्नमेंट हॉस्टल से गुरुद्वारा मोड़) पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

व्यावसायिक वाहनों पर रोक : परकोटा क्षेत्र, एमआइ रोड (गवर्नमेंट हॉस्टल से मिनर्वा चौराहे तक), अशोका मार्ग और रामनिवास बाग के भीतर ई-रिक्शा, ऑटो-रिक्शा, हल्के माल वाहक वाहनों और जेसीटीएसएल/सिटी बसों का संचालन पूर्णतः निषेध रहेगा।

Jaipur : जन्माष्टमी पर ट्रैफिक प्लान, क्यूआर कोड स्कैन कर पार्किंग खोजें। फोटो पत्रिका

यहां पार्किंग, क्यूआर कोड स्कैन कर तलाशें जगह

यातायात पुलिस ने कुल 17 स्थानों पर पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की है। इनमें रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग (500 चारपहिया/500 दोपहिया), पुराना पुलिस मुख्यालय (800 दोपहिया), रामलीला मैदान (200 चारपहिया), चौगान स्टेडियम व नगर निगम पार्किंग, जौहरी बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल, त्रिपोलिया बाजार, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान और चांदपोल मेट्रो/अनाज मंडी पार्किंग शामिल है। मुख्य मागों पर वाहन पार्क करने पर नो-पार्किंग चालान किया जाएगा।

पार्किंग व मेट्रो का उपयोग करने की अपील

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे परकोटे में अपने निजी वाहन लाने के बजाय रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग का प्रयोग करें। साथ ही जयपुर उत्तर और दक्षिण दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं को मेट्रो सेवा का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात संबंधी सहायता या जानकारी के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 1095 और वॉट्सऐप नंबर 8764866972 जारी किया है।

इस्कॉन, अक्षय पात्र मंदिर का रूट प्लान

इस्कॉन मंदिर (मानसरोवर) : वंदे मातरम रोड तिराहा, मुहाना मंडी तिराहा, गोवर्धन हाइट्स और खरबास सर्कल से इस्कॉन मंदिर की ओर जाने वाले सामान्य और भारी वाहनों को रोककर समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

अक्षय पात्र मंदिर (जगतपुरा)

बॉम्बे अस्पताल चौराहा, जीवन रेखा अस्पताल तिराहा, एनआरआइ चौराहा, डी-मार्ट चौराहा, द्वारकापुरी सर्कल और एसबीआइ तिराहा से यातायात को परिवर्तित किया जाएगा। ज्ञान विहार मार्ग तिराहा से मंदिर की और सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

Updated on:
04 Sept 2026 06:56 am
Published on:
03 Sept 2026 04:56 pm