लोकसभा चुनाव 2019
अरविन्द सिंह शक्तावत / जयपुर। लोकसभा चुनाव 2019 ( Loksabha Election 2019 ) के लिए केन्द्रीय ग्रह मंत्री राजनाथ सिंह ( rajnath singh ) भी 22 अप्रेल को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। सिंह कोलायत (बीकानेर), देवली (टोंक-सवाईमाधोपुर) एवं शाहजहांबाद (अलवर) में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आमसभाओं को सम्बोधित करेंगे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ( Amit Shah ) 26 अप्रेल को प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। वे जालोर जिले के रामसीन में सभा को सम्बोधित करेंगे और जोधपुर में रोड शो करेंगे। पहले उनका रोड शो कोटा में प्रस्तावित था, लेकिन उसे रदृद कर दिया गया है। अब रोड शो जोधपुर में होगा।
शाह के कार्यक्रम
शाह ने प्रदेश में 23 अप्रेल से 3 मई के बीच सभाएं और रोड शो कराने पर सहमति दी है। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक शाह पहले फेज के चुनावों में एक रोड शो और एक सभा करेंगे, वहीं दूसरे फेज में चार सभाएं करेंगे। 30 अप्रेल को भरतपुर और दौसा में सभाएं करवाए जाने की तैयारी है, जबकि तीन मई को अलवर, सीकर और झुंझुनूं में से दो स्थानों पर सभाएं करवाई जाएंगी। अमित शाह के कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ऐसे में तय सभाओं में कुछ बदलाव भी हो सकता है।
मोदी की चार सभाएं पहले ही तय
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ( PM Narendra Modi ) की पहले ही चार सभाएं तय कर दी गई है। वे 21 और 22 अप्रेल को प्रदेश में सभाएं करने आ रहे हैं। उनकी सभाएं चित्तौडगढ, बाडमेर, उदयपुर और जोधपुर में रखी गई है।
25 वाहन करेंगे भाजपा का प्रचार
भाजपा लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए बुधवार को 25 प्रचार वाहन रवाना किए। किरोडी बैंसला ने इन रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद थे। ये प्रचार वाहन प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों मेें भारतीय जनता पार्टी का प्रचार करेंगे। इससे पहले पार्टी 40 प्रचार वाहनों को रवाना कर चुकी है।