जयपुर

जयपुर में गुंडाराज: सरेआम युवक की बेरहमी से पिटाई, देखते रहे लोग मगर नहीं बचाया

राजधानी जयपुर के स्वेज फार्म इलाके में एक व्यक्ति के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग व्यक्ति को घेरकर पीटते दिखाई दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
3 min read
Apr 09, 2026
Man Brutally Beaten in Broad Daylight at Swej Farm in Jaipur Bystanders Remain Silent
युवक की बेरहमी से पिटाई करते हुए (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)

जयपुर: राजधानी के महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित स्वेज फार्म इलाके में दबंगई और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने एक व्यक्ति को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

बता दें कि इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

गाली देने के विवाद में भड़की हिंसा

जानकारी के अनुसार, यह विवाद कथित तौर पर गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ था। रामनगर विस्तार निवासी पीड़ित हरिशंकर शर्मा ने महेश नगर थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

हरिशंकर का आरोप है कि राहुल और गौतम नामक युवकों ने अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोका और उस पर हमला कर दिया। हमलावर मारपीट के दौरान चिल्ला रहे थे कि पीड़ित ने उन्हें गाली क्यों दी। देखते ही देखते आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के दौरान वहां मौजूद किसी राहगीर ने इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस कदर बेखौफ होकर युवक को पीट रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए महेश नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई है। थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है।

राहुल, गौतम और उनके साथियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

चेन स्नैचरों ने लूट का सोना गिरवी रख वसूले 1.24 लाख

जयपुर शहर में महज दो दिन के भीतर सोने की चार चेन लूटकर दहशत फैलाने वाले गिरोह ने लूट के माल को खपाने का नया तरीका निकाला। गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने लूट की एक चेन बगरू स्थित एक गोल्ड लोन फर्म में 1.24 लाख रुपए में गिरवी रख दी थी। पुलिस ने अब संबंधित फर्म को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।

वैशाली नगर थाना पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी किमतकर शर्मा उर्फ किशन (निवासी बोराज) ने बताया कि वह गैंग के सरगना पुष्पेन्द्र सिंह गुर्जर (निवासी भुसावर, भरतपुर) के साथ गोल्ड लोन फर्म पर गया था। वहां चेन गिरवी रखकर मिली राशि का बड़ा हिस्सा उन्होंने अपना पुराना कर्जा चुकाने और शराब पार्टियों में खर्च कर दिया।

होटल से पकड़ा गया सरगना

उल्लेखनीय है कि पुष्पेंद्र सिंह अपने साथियों किमतकर और संजय के साथ मिलकर चेन लूट की वारदात को अंजाम दे रहा था। दो दिन में चार वारदात होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और सरगना पुष्पेंद्र को बोराज स्थित एक होटल से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का तीसरा सदस्य संजय फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

Updated on:
09 Apr 2026 09:59 am
Published on:
09 Apr 2026 09:31 am