जयपुर

Jaipur News: घर के पास खेलते-खेलते गड्ढे में समा गए भाई-बहन, मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

राजधानी जयपुर के दिल्ली रोड स्थित मानपुरा सड़वा इलाके में पानी भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। पिता भीड़ देखकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। वहां देखा तो उनके ही दोनों बच्चे पानी में डूबे थे। दोनों बच्चों की मौत के बाद मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
2 min read
Aug 27, 2026
jaipur news
Jaipur: हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ व घेरे में दोनों बच्चे (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। घर से महज 150 मीटर की दूरी… पास के प्लॉट पर जेसीबी से खोदे गए गड्ढे और तेज बारिश के बाद उनमें भरा पानी। इसी पानी से अनजान 11 साल की आलिया और उसका सात साल का भाई अयान गुरुवार दोपहर खेलने निकले थे। खेलते-खेलते दोनों पानी से भरे गड्ढों में गिर गए। कुछ देर बाद लोगों की नजर पड़ी तो चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोगों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और उन्हें बचाने के लिए सीपीआर दी, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। जेके लोन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बच्चों के पिता लियाकत हुसैन को हादसे की जानकारी भीड़ देखकर हुई। वह दोपहर में लंच के लिए घर पहुंचे थे। पत्नी रजिया बानो ने बताया कि दोनों बच्चे काफी देर से दिखाई नहीं दे रहे हैं। लियाकत बच्चों की तलाश में बाहर निकले तो रास्ते में हंगामा और लोगों की भीड़ देखी। जैसे ही वह भीड़ के पास पहुंचे और पानी में डूबे बच्चों को देखा, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों बच्चे उनके ही थे।

बच्चों की मौत के बाद गम में डूबे पिता (फोटो-पत्रिका)

जेसीबी से खोदे गड्ढे, बारिश ने बना दिए मौत के तालाब

लियाकत हुसैन ने बताया कि वह मूलरूप से लाडपुर उस्मानपुर, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। वह पिछले चार-पांच साल से जयपुर में परिवार के साथ रह रहे हैं। समीर कॉलोनी, मानपुर सड़वा, डरके वाली गली में वह पत्नी रजिया बानो और दोनों बच्चों आलिया व अयान के साथ इकराम के मकान में रहते हैं। लियाकत बेलदारी का काम करते हैं।

हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग (फोटो-पत्रिका)

खेलने निकले थे, पानी में गिर गए

गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे आलिया और अयान घर से खेलने के लिए निकले और पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। बच्चों के पेट में पानी भर चुका था। परिजनों ने उन्हें उलटा लिटाकर पानी निकालने की कोशिश की और सीपीआर देकर सांस लौटाने का प्रयास किया। हादसे की सूचना पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
27 Aug 2026 10:15 pm
Published on:
27 Aug 2026 10:15 pm