
Jaipur Crime : प्रतीकात्मक फोटो-AI
Jaipur Crime : जयपुर के सीतापुरा इलाके में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने बुधवार रात युवती पर हमला कर दिया। हमले से उसका कंधा जख्मी हो गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। शोर की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो युवती कमरे में लहूलुहान मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार वारदात रात करीब साढ़े 10 बजे चतराला सर्कल के पास हुई। सेवर, भरतपुर निवासी युवती पिछले दो-तीन साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। वह यहां अपनी मां के साथ तीन मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहती है। घटना के समय वह घर पर अकेली थी और कमरे का दरवाजा खुला था। आरोप है कि हेलमेट लगाकर बाइक से पहुंचे युवक ने कमरे में घुसकर सबसे पहले युवती से शादी करने के लिए कहा। युवती के इनकार करने पर उसने हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी धौलपुर जिले का रहने वाला है। वह युवती की चचेरी बहन का देवर है। वह करीब एक साल से युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था।
युवती की मां ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपी शादी के लिए उसे परेशान करने के साथ जान से मारने की धमकी भी देता था। करीब 15 दिन पहले भी वह कमरे पर आया था और बेटी से अभद्रता की थी। शिकायत के बाद आरोपी के परिजनों ने आगे से परेशान नहीं करने का भरोसा दिलाया था कि भविष्य में आरोपी युवक, लड़की को परेशान नहीं करेगा और ना ही शादी करने के लिए दबाव बनाएगा।
पीड़िता की मां ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6.30 बजे मैं और मेरा बेटा दुकान पर थे। मेरी बेटी अकेली ही घर पर थी, उस समय कमरे का दरवाजा खुला था। तभी आरोपी युवक कमरे में आया और मेरी बेटी पर हमला कर, फरार हो गया।
Updated on:
27 Aug 2026 10:31 pm
Published on:
27 Aug 2026 09:45 pm
