27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: होटल के तहखाने से 1.08 करोड़ की नकदी बरामद, पैसा गिनने के लिए बुलाने पड़े बैंक कर्मी

Pushkar Hotel Cash: राजस्थान के पुष्कर में चुनाव आचार संहिता के बीच पुलिस ने होटल में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 8 लाख 89 हजार 360 रुपए की नकदी बरामद की है। इतनी बड़ी संख्या में नोट मिलने के बाद पुलिस ने बैंक कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर मशीन से रकम की गिनती कराई। होटल संचालक को हिरासत में लेकर नकदी के स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Aug 27, 2026

Pushkar Hotel Cash

Pushkar Hotel Cash: नकदी जब्त कर ले जाते पुलिसकर्मी (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। पुष्कर में चुनाव आचार संहिता की पालना के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उपखंड कार्यालय के सामने स्थित होटल स्पैरो में दबिश देकर होटल संचालक के कमरे से 1 करोड़ 8 लाख 89 हजार 360 रुपए की नकदी बरामद की। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने होटल संचालक बंकेश सेन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी होटल के कमरे तक कैसे पहुंची और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए किया जाना था।

होटल में अचानक पहुंची पुलिस टीम

थानाधिकारी अशोक बिस्सू के अनुसार चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार चेकिंग और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस टीम ने एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित होटल स्पैरो का आकस्मिक निरीक्षण किया। पुलिस ने होटल के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली। होटल में बेसमेंट के साथ दो मंजिल हैं और कई कमरे बने हुए हैं।

तलाशी के दौरान बेसमेंट में बने होटल संचालक के कमरे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार रकम पैक करके रखी गई थी। नोटों की संख्या अधिक होने के कारण मौके पर ही बैंक कर्मचारियों को बुलाया गया और नोट गिनने की मशीन की मदद से पूरी रकम की गणना की गई।

500 रुपए के सबसे ज्यादा नोट

पुलिस के मुताबिक जब्त रकम में 500 रुपए के 21,387 नोट, 200 रुपए के 353 नोट, 100 रुपए के 1,120 नोट, 50 रुपए के 150 नोट, 20 रुपए के 155 नोट और 10 रुपए के 266 नोट शामिल हैं। पुलिस उप अधीक्षक ग्रामीण सत्येंद्र नेगी की मौजूदगी में नकदी के बंडल तैयार कर उन्हें विधिवत सीज किया गया।

जमीन बेचने से रकम मिलने का दावा

पूछताछ के दौरान होटल संचालक बंकेश सेन ने पुलिस को बताया कि यह रकम उसके पार्टनर की जमीन बेचने से प्राप्त हुई है। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए जमीन सौदे से जुड़े दस्तावेज और लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद नकदी का चुनावी गतिविधियों से कोई संबंध तो नहीं है।

फिलहाल पुलिस ने नकदी जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना संबंधित विभागों को भी दी जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि रकम वास्तव में किसकी है और इसे होटल के कमरे में क्यों रखा गया था।