जयपुर

प्रेम में ऐसी फंसी, 15 साल की उम्र में बन गई मां

लड़का भी नाबालिग
2 min read
Sep 06, 2018
Feature image

जयपुर. नौवीं क्लास में पढऩे वाली एक लड़की एक लड़के के प्रेम में ऐसी पड़ी, साढ़े पन्द्रह साल की उम्र में ही मां बन गई। लड़का भी महज 17 साल का है, जो ग्यारहवीं में पढ़ रहा है। शहर के एक अस्पताल में सामान्य प्रसव के बाद जन्मे बच्चे और लड़की को जैसे ही डिस्चार्ज किया गया, लड़का वहां पहुंचा और दोनों को लेकर अपने घर चला गया। वो तो अस्पताल वालों ने पुलिस को सूचना दे दी, तो मामला खुल गया। अब पुलिस ने पोक्सो एक्ट और बलात्कार की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
प्रारम्भिक पड़ताल के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने बताया, लड़की ने गणगौरी अस्पताल में सोमवार को बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल से मेडिकल इत्तला मिली और पुलिस ने जांच की तो लड़की नाबालिग होने का पता चला। लेकिन दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिलने के कारण खुद पुलिस उपनिरीक्षक हरलाल की ओर से रिपोर्ट पर एफआइआर दर्ज की गई। थानाधिकारी अशोक खत्री ने बताया कि लड़की का उक्त लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच करीब एक साल पहले शारीरिक संबंध बन गए थे। लड़की को पता चला कि वह गर्भवती हो गई तो उसने लड़के से तो बात की लेकिन अपने घरवालों को कुछ नहीं बता पाई। बाद में उसने अपनी हालत छुपाने की ठान ली और ढीले कपड़े पहनने लगी ताकि परिवार में मामला न खुले। पिछले महीने परेशानी बढ़ी तब उसने मां को अपनी स्थिति बताई।
पुलिस ने बताया कि प्रसव के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर लड़का दोनों को अपने साथ घर ले गया। पुलिस मामले की जांच तो कर ही रही है लेकिन खुद भी चिन्ता में है कि जो लड़की खुद भी अभी पढ़ ही रही है, उसके बच्चे का क्या होगा। लड़का भी अभी 17 साल का है और पढ़ाई कर रहा है। हालांकि लड़की नाबालिग है इसलिए पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है और मामले की जांच की जा रही है।

Published on:
06 Sept 2018 02:05 am