जयपुर

राजस्थान निकाय चुनाव: भाजपा-कांग्रेस ने तलाशे ‘जिताऊ चेहरे’, जानें कब आएगी दोनों ही दलों के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट

Rajasthan Nagar Nikay Election: राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की कवायद तेज कर दी है। दोनों ही दलों ने 'जिताऊ चेहरे' तलाश लिए है।
2 min read
Aug 28, 2026
rajasthan nagar nikay election
राजस्थान निकाय चुनाव। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की कवायद तेज कर दी है। दोनों ही दलों ने 'जिताऊ चेहरे' तलाश लिए है। माना जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस की पहली सूची 29 अगस्त को जारी हो सकती है। पहली सूची में प्रमुख और मजबूत उम्मीदवारों के नाम सामने आने की संभावना है। प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा ने गुरुवार को अजमेर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के 17 जिलों की 117 नगरीय निकायों के करीब 3935 वार्डों पर मंथन किया।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में दोपहर से शुरू हुई बैठक आधी रात तक चली। रायशुमारी के बाद तैयार तीन-तीन नामों के पैनल में से दावेदारों को लेकर फीडबैक लिया गया और अधिकांश सीटों पर नाम लगभग तय कर लिए गए। जिन निकायों के नाम फाइनल हो गए, उन प्रत्याशियों के सिम्बल निकाय प्रभारी को दे दिए गए। प्रदेशाध्यक्ष ने उन्हें ही सिम्बल देने के लिए अधिकृत कर दिया। हालांकि, नाम सूची जारी होने के बाद ही सामने आएंगे। सूची 29 अगस्त को जारी होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री एक ही दिन में दोबारा कार्यालय पहुंचे

बैठक में स्थानीय नेताओं की राय, संगठन में सक्रियता, पिछले चुनावों का प्रदर्शन, सामाजिक समीकरण और वार्ड में जीत की संभावना को प्रमुख आधार बनाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहले दोपहर और फिर रात को दोबारा कार्यालय पहुंचे। सीएम आधी रात बाद भी बैठक में रहे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी समेत प्रमुख नेता मौजूद रहे। 28 अगस्त को भरतपुर-कोटा और 29 अगस्त को जोधपुर-जयपुर संभाग की बैठक होगी।

कांग्रेस ने टिकट चयन की कवायद अंतिम दौर में

नगरीय निकाय चुनाव में जिताऊ प्रत्याशियों को मैदान में उतारने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने टिकट चयन की कवायद अंतिम दौर में पहुंचा दी है। प्रदेश कांग्रेस वॉररूम में गुरुवार को सुबह से रात तक जिलेवार बैठकें हुईं। जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में भेजे गए प्रभारियों से निकायों की जमीनी स्थिति, वार्डवार दावेदारों और उनकी जीत की संभावनाओं पर चर्चा की गई। प्रभारियों को मजबूत और जीतने की स्थिति वाले दावेदार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। पार्टी ऐसे वार्डों पर भी नजर रख रही है, जहां मजबूत दावेदार नहीं है। दूसरे वार्ड में बेहतर पकड़ और जीत की संभावना रखने वाले व्यक्ति को वहां उतारने पर भी विचार किया जा रहा है।

बैठक के दौरान वॉररूम में कार्यकर्ताओं का प्रवेश रहा बंद

बैठक के दौरान वॉररूम में अन्य कार्यकर्ताओं का प्रवेश बंद रहा, जिससे बाहर दिनभर दावेदारों और नेताओं की भीड़ लगी रही। सूत्रों के अनुसार स्पष्ट किया गया कि प्रदेश स्तर से उसी दावेदार की पैरवी होगी, जिसका नाम संबंधित पैनल में शामिल है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नामों को सहमति से अंतिम रूप देने और नामांकन में दस्तावेजी गलतियों से बचने के निर्देश दिए। कांग्रेस 29 अगस्त से टिकट वितरण शुरू कर सकती है। पार्टी भाजपा की सूची पर भी नजर रखे हुए है।

आप ने जारी की प्रत्याशियों की पहली सूची

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 11 प्रत्याशियों के नाम हैं। जिला चुनाव प्रभारी अर्चित गोयल ने बताया कि वार्ड 54 से संगीता गौड़, 118 से मोहम्मद असलम, 64 से हीरालाल खर्रा, 62 से योगेश गोयल, 120 से लाल चंद सैनी, 141 से गजेंद्र बंसल, 71 से मोहम्मद साजिद, 22 से त्रिलोक पारीक, 33 से कविता यादव, 103 से प्रदीप, 145 से पिंकी कुमारी को उम्मीदवार बनाया है।