जयपुर

Vinod Jakhar : ‘….तो होगा उग्र आंदोलन’! NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला बड़ा आह्वान

राजस्थान की छात्र राजनीति का प्रमुख चेहरा और NSUI के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की राजनीति में पूरी तरह मुखर हो गए हैं। अपनी नियुक्ति के कुछ ही दिनों के भीतर जाखड़ ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचकर मोदी सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
2 min read
Feb 24, 2026
Feature image

राजस्थान से निकलकर देश के सबसे बड़े छात्र संगठन की कमान संभालने वाले विनोद जाखड़ ने दिल्ली के सियासी मैदान में अपनी पहली बड़ी दहाड़ लगाई है। मामला भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का है, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने AI इम्पैक्ट समिट में 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' के मामले में गिरफ्तार किया है।

विनोद जाखड़ मंगलवार को सीधे पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचे, जहाँ उन्होंने युवा कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

एकजुटता का संदेश, 'NSUI और IYC एक हैं'

कोर्ट परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए विनोद जाखड़ ने कहा कि यह लड़ाई केवल युवा कांग्रेस की नहीं है, बल्कि देश के हर उस युवा की है जिसकी आवाज दबाई जा रही है।

उन्होंने कहा, "IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। NSUI इस दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।"

सरकार पर बड़ा हमला

जाखड़ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मुखर आवाज से वर्तमान सत्ता घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वाले युवाओं को सलाखों के पीछे डालकर सरकार अपनी नाकामियों को छिपाना चाहती है।

'उग्र आंदोलन' का अल्टीमेटम

विनोद जाखड़ ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा: "यदि हमारे IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया, तो NSUI उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। हम ईंट से ईंट बजा देंगे लेकिन युवाओं की आवाज को दबने नहीं देंगे।"

पटियाला हाउस कोर्ट में क्या हुआ?

20 फरवरी 2026 को भारत मंडपम में आयोजित 'AI इम्पैक्ट समिट' के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। इसी मामले में उदय भानु चिब को मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विनोद जाखड़ ने कोर्ट में चिब से मुलाकात कर उन्हें विश्वास दिलाया कि पूरा छात्र संगठन और राहुल गांधी की 'वानर सेना' उनके साथ है।

Updated on:
24 Feb 2026 01:50 pm
Published on:
24 Feb 2026 01:50 pm