
जयपुर। राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में मशहूर कॉमेडियन जोड़ी 'पंकू-बन्नू' का विवाद अब और गहरा गया है। पंकज सोनी उर्फ पंकू द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब उनके साथी बनवारीलाल उर्फ बन्नू का भावुक वीडियो सामने आया है, जिसने इस पूरे मामले को नई दिशा दे दी है। अपने वीडियो में बनवारीलाल ने साफ कहा कि अगर उनकी गलती साबित होती है तो 'आपकी जूती और मेरा सिर', इतना ही नहीं उन्होंने यहां तक कह दिया कि 'जहां मिलूं, मुझे मार देना'।
वीडियो की शुरुआत में बनवारीलाल ने भगवान का नाम लेते हुए कहा कि इंसान को बनाने और मिटाने वाला ऊपर वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों ने सिर्फ एक पक्ष सुनकर उन्हें लालची और गलत ठहरा दिया। उनका कहना था कि वे एक प्रतिशत भी लालची नहीं हैं और बिना पूरी सच्चाई जाने उन्हें बदनाम किया जा रहा है।
बनवारीलाल ने पंकू के परिवार को लेकर भी भावुक बातें कही। उन्होंने दावा किया कि पंकू के माता-पिता को उन्होंने अपने घर में माता-पिता का दर्जा देकर रखा और हर कदम पर उनका साथ दिया। वहीं पंकू के आरोपों के विपरीत उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी दोहरा व्यवहार नहीं किया और हर काम मिलकर किया।
बन्नू ने आम जनता से कहा कि अगर आपको लगे कि मैं गलत हूं, तो आप मुझे धमकी दे दो, जहां मिलूं वहां मार दो, कोई बात नहीं। वीडियो में कुंवारा बनने की बात हुई, पर मैं कुंवारा नहीं हूं, मेरा ब्याह (शादी) हो चुका है और मेरे बच्चे भी हैं। उन्हें जो धमकियां दी जा रही हैं, वह मत दो।
दरअसल, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब पंकज सोनी ने आरोप लगाया कि 5 मई की रात पुलिस उनके घर बिना नोटिस पहुंची और उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। पंकू ने इस घटना के पीछे अपने पूर्व साथी पर आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने जमीन और संपत्ति विवाद को भी इस मामले की जड़ बताया।
बनवारीलाल ने अपने वीडियो में कहा कि मैं अपना पक्ष सबूतों के साथ रखूंगा। अगर बन्नू की गलती निकले तो आपकी जूती और मेरा सिर। वह जीरो था, बीड़ी भी मांगकर पीता था, आज भगवान ने उसे खड़ा किया है। भगवान के घर देर है अंधेर नहीं। सिर्फ एक पक्ष सुनकर यह मत कहो कि वह ऐसा है। जिसने मेरे साथ अन्याय किया, आज वही कह रहे हैं कि बनवारी ऐसा है। मेरा खुद का चैनल उड़ा दिया गया। अब मैं न्याय के साथ अपना पक्ष रखूंगा।
इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने भावुक होते हुए लिखा कि 'दर्द दोनों तरफ है और अगर बातचीत हो जाए तो रिश्ते बच सकते हैं।' वहीं दूसरे यूजर ने बनवारीलाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कारण ही पंकू के घर पुलिस पहुंची। एक अन्य यूजर ने दोनों के आंसुओं की तुलना करते हुए कहा कि पंकू के दर्द ने लोगों को ज्यादा प्रभावित किया है।
फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है और दोनों पक्षों के दावों के बीच सच्चाई क्या है, इसका इंतजार सभी को है। पंकज सोनी उर्फ पंकू और बनवारीलाल उर्फ बन्नू के वीडियो पर यूजर लगातार कमेंट कर रहे हैं और अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। हालांकि, सभी को इस बात का इंतजार है कि इस पूरे मामले का अंत कैसे होगा?