
Patrika Maharas Dandiya Mahotsav 2026: जयपुर: जयपुर: राजस्थान पत्रिका की ओर से शनिवार को जवाहर सर्कल स्थित एंटरटेनमेंट पैराडाइज के ईस्ट लॉन में विमल इलायची महारास डांडिया महोत्सव-2026 का शानदार आगाज होगा। दो दिवसीय महोत्सव के तहत 17 और 18 अक्टूबर को बॉलीवुड गीतों पर प्रतिभागी और जयपुराइट्स जमकर डांडिया खनकाएंगे।
इस दौरान मॉडर्न और पारंपरिक गरबा के रंगों से एंटरटेनमेंट पैराडाइज का ईस्ट लॉन थिरक उठेगा। महोत्सव को लेकर प्रतिभागियों के साथ शहरवासियों में भी जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। महोत्सव के तहत पिछले कई दिनों से चल रही वर्कशॉप गुरुवार को जेएलएन मार्ग स्थित फोर्टिस अस्पताल के पास माधवम लग्जरी बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई।
शहर में 8 सेंटर्स पर महोत्सव के टिकट मिल रहे हैं। टिकट प्राप्त करने का समय सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक है। टिकट सेंटर्स पर भी जयपुराइट्स की भीड़ नजर आ रही है। कई लोग पूरी फैमिली के लिए टिकट खरीद रहे हैं। महोत्सव से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9928015903 पर संपर्क किया जा सकता है।
डांडिया महोत्सव में दो दिनों तक देश-विदेश के लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया जा सकेगा। इस दौरान विभिन्न स्टॉल्स पर जायकेदार व्यंजनों की भरमार रहेगी। यहां मुंबई का मस्का पाव, पावभाजी, दिल्ली के छोले-भटूरे, मुंबई की भेलपुरी, सांभर डोसा, पानी और कोल्ड ड्रिंक्स, लच्छेदार टिकिया, इटालियन पिज्जा और पास्ता तथा बटर पॉपकॉर्न का जायका लिया जा सकेगा। इसके अलावा महोत्सव में प्रतिभागियों को बेस्ट कपल डांसर, बेस्ट फीमेल डांसर और बेस्ट मेल डांसर समेत कई श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
महोत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रतिभागी बाइक और कार से ईपी के गेट नंबर-1 से प्रवेश कर वाहन पार्क कर सकते हैं।