जयपुर

पत्रिका पड़ताल: राजस्थान आने वाली VIP ट्रेनों में शराब तस्करी, दिल्ली-गुड़गांव से जयपुर पहुंच रही खेप; TTE-कांस्टेबल पकड़े गए

Train Liquor Smuggling: जयपुर में प्रीमियम ट्रेनों के एसी कोच तक शराब तस्करी का नेटवर्क पहुंच रहा है। आरपीएफ ने इस साल 65 मामलों में 1857 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की है।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 9:32 AM IST
Train Liquor Smuggling
आरपीएफ की ओर से ट्रेनों से बरामद लग्जरी शराब (Photo-Patrika)

देवेंद्र सिंह राठौड़

जयपुर. रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और बैगेज स्कैनर से जांच के दावों के बीच शराब तस्कर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर प्रीमियम ट्रेनों के एसी कोच तक पहुंच रहे हैं। दिल्ली-साबरमती राजधानी जैसी वीआईपी ट्रेनें तस्करी का जरिया बन रही है। पत्रिका पड़ताल में सामने आया कि तस्कर ट्रॉली और महंगे बैगों में शराब भरकर हाई-प्रोफाइल यात्री बनकर सफर करते हैं। आरपीएफ जयपुर मंडल के आंकड़ों के अनुसार, 29 अक्टूबर तक शराब परिवहन के 65 मामले दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 609.297 लीटर देशी, 660.509 लीटर अंग्रेजी और 587.324 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। इसकी कुल अनुमानित कीमत 24.70 लाख है। दिल्ली-गुड़गांव से शराब लेकर गुजरात पहुंचाने की कोशिश में जुटे तस्कर जयपुर में आरपीएफ के ऑपरेशन सतर्क के तहत पकडे जा रहे है। इससे शुरुआती स्टेशनों पर स्कैनर और सुरक्षा जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

राजधानी के एसी कोच में 2 महीने में 4 बड़े एक्शन

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ओंकार सिंह ने बताया कि आरपीएफ जयपुर पोस्ट ने 22 अगस्त से 29 अक्टूबर के बीच राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोचों में चार कार्रवाइयां कर 1,80,098 रुपए कीमत की 135 शराब बोतलें जब्त की। 22 अगस्त को लावारिस बैग से 36 बोतल, 2 सितंबर को एक तस्कर से 29 बोतल और 24 सितंबर को दूसरे लावारिस बैग से 34 बोतलें बरामद की गई। वहीं, 28-29 अक्टूबर को ए-2 कोच में मुरैना निवासी तस्कर उम्मेद सिंह को 36 बोतल शराब के साथ पकड़ा गया। इस साल अब तक 65 मामलों में 24,70,926 रुपए की 1857.13 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है और 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ट्रेन में शराब तस्करी के मामले

ट्रेन का नाममामले
आश्रम एक्सप्रेस12
दिल्ली-साबरमती राजधानी6
दौलतपुर चौक-गांधीनगर6
बरेली-भुज एक्सप्रेस4
योगा एक्सप्रेस4
दिल्ली-राजकोट एक्सप्रेस3
दिल्ली-बांद्रा गरीब रथ3
जयपुर-कोयंबटूर एक्सप्रेस2
चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ2

तस्करी में टीटीई और बर्खास्त हेड कांस्टेबल भी पकड़े गए

शराब तस्करी में रेलवे स्टाफ की भूमिका भी सामने आई है। करीब चार महीने पहले आश्रम एक्सप्रेस में रेवाड़ी के पास तस्करी में भूमिका मिलने पर एक टीटीई पर कार्रवाई हुई। वहीं, 15 दिन पहले आरपीएफ के बर्खास्त हेड कांस्टेबल को भी तस्करी के मामले में पकड़ा गया।

Updated on:
1 Nov 2026, 9:32 AM IST
Published on: