जयपुर

जयपुर की नाबालिग लड़की को किडनैप करके ले गया 20 साल का युवक, 3000KM पीछा करने के बाद बिहार से पुलिस ने किया दस्तयाब

Rajasthan News: जयपुर की नाबालिग को दोबारा किडनैप करने वाले 20 साल के इनामी आरोपी रोहित यादव को मुहाना थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ से पकड़ा। पुलिस ने 3 हजार किलोमीटर तक पीछा करते हुए बिहार से नाबालिग को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
2 min read
Aug 30, 2026
jaipur kidnapping case
AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर

Minor Girl Kidnapping Case: एक नाबालिग के अपहरण के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी रोहित यादव (20) को जयपुर के मुहाना थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बिहार से अपहृत नाबालिग को सकुशल दस्तयाब कर लिया। आरोपी बिहार के सारण जिले के दरियापुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि 15 मई को नाबालिग की मां ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रोहित उसकी बेटी को जबरन ले गया है। पुलिस ने नाबालिग को पटना से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

सोशल मीडिया के जरिए फिर संपर्क, धमकाकर दोबारा ले गया

पुलिस के अनुसार 19 जून को आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग से दोबारा संपर्क किया। इसके बाद उसे डराने-धमकाने के बाद फिर अपने साथ ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाएं भी दायर की गई थीं। इसके बाद पुलिस पर नाबालिग को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने का दबाव था। टीम ने आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया से जुड़े तकनीकी इनपुट जुटाकर उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया।

छत्तीसगढ़ तक पहुंची पुलिस, बिहार में मिली नाबालिग

डीसीपी ने थानाधिकारी मुकेश कुमार खारडिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी का लगातार पीछा किया। पुलिस के अनुसार टीम ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार में करीब 3 हजार किलोमीटर तक पांच दिन तक तलाश की। पुलिस ने आरोपी को छत्तीसगढ़ में डिटेन किया गया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिहार से नाबालिग को सकुशल दस्तयाब कर लिया। इस पूरे मामले में कांस्टेबल ओमप्रकाश डोबर और दामोदर सारण की विशेष भूमिका रही। इस दौरान टीम ने कई जगहों पर संदिग्ध ठिकानों की जानकारी जुटाई और आरोपी की लोकेशन को लगातार ट्रेस किया। अलग-अलग राज्यों में तलाश के चलते पुलिस टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन टीम ने पीछा नहीं छोड़ा।

Updated on:
30 Aug 2026 08:17 am
Published on:
30 Aug 2026 08:16 am