30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में 30 लाख रुपए की चोरी, रक्षाबंधन मनाने ससुराल गया परिवार, सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले गए चोर, टूटे मिले ताले

Rajasthan Crime: जयपुर में रक्षाबंधन मनाने ससुराल गए परिवार के सूने मकान में चोरों ने करीब 30 लाख रुपए के जेवर और 2 लाख रुपए नकद चुरा लिए। चोर महज 13 मिनट में तीन अलमारियों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
2 min read
Google source verification
Jaipur Theft News

CCTV कैमरे में दिखा चोर (फोटो: पत्रिका)

Jaipur Theft Case: जयपुर शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रामनगरिया थाना इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और दो लाख रुपए नकद चुरा लिए। मकान मालिक के घर से बाहर होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात के समय मकान मालिक परिवार सहित रक्षाबंधन मनाने ससुराल गया हुआ था। चोर मकान में घुसे और महज 13 मिनट में तीन अलमारियों के ताले तोड़कर 30 लाख रुपए का सामान समेट ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

27 अगस्त को गए थे ससुराल, 29 को लौटे

पुलिस के अनुसार जयपुर के शिव ऑफिसर कॉलोनी, रामनगरिया निवासी योगेश तिवाड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि वह 27 अगस्त की शाम करीब पांच बजे रक्षाबंधन मनाने ससुराल मीणा पालड़ी, रानी सती नगर गए थे। 29 अगस्त सुबह करीब 9.30 बजे वापस घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर पहुंचने पर चोरी का पूरा मामला सामने आया। अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।

जेवर और दो लाख रुपए ले गए

चोर अलमारियों में रखी सोने की चूड़ियां, अंगूठी, नथ, टीका, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, गिन्नी, टॉप्स और बालियां सहित चांदी के सिक्के, पायजेब, बच्चों की चांदी की पायल, कड़े और बिछिया चुरा ले गए। बदमाशों ने कीमती सामान को ही निशाना बनाया और घर में रखी अन्य चीजों को छोड़ दिया। इसके अलावा अलमारी में रखे दो लाख रुपए भी बदमाश ले गए।

2.01 बजे घुसे, 2.14 बजे निकले

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि बदमाश दोपहर 2 बजकर 1 मिनट पर मकान में दाखिल हुए और 2 बजकर 14 मिनट पर बाहर निकल गए। यानी चोरों ने पूरी वारदात महज 13 मिनट में अंजाम दी। खास बात यह है कि घर में कई अलमारियां होने के बावजूद बदमाशों ने केवल उन्हीं तीन अलमारियों को निशाना बनाया, जिनमें जेवर रखे थे।

इससे आशंका है कि वारदात से पहले बदमाशों ने मकान की रेकी की थी। जिस तरह उन्होंने सीधे जेवर वाली अलमारियों को निशाना बनाया, उससे पुलिस को किसी जानकार के शामिल होने या बदमाशों के पहले से घर की जानकारी होने की आशंका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते की जांच कर रही है।