
आरोपी बलविन्द्र सिंह उर्फ बिन्द्र (फोटो-पत्रिका)
श्रीगंगानगर। आदर्श आचार संहिता के दौरान पुलिस और सीआईडी (आईबी) की संयुक्त टीम ने बॉर्डर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी नशा तस्कर को देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तानी हैंडलरों के इशारे पर काम करने और भारतीय नागरिकों के सिम कार्ड पाकिस्तान तक पहुंचाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन सिम कार्ड के जरिए भारतीय मोबाइल नंबरों पर पाकिस्तान में व्हाट्सऐप भी चालू करवाता था।
जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज के निर्देश पर जिले में आदर्श आचार संहिता की पालना के साथ संगठित अपराध, जघन्य अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अनूपगढ़ थाना पुलिस और सीआईडी (आईबी) की टीम ने बॉर्डर क्षेत्र में सूचना तंत्र मजबूत कर संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि अनूपगढ़ क्षेत्र के गांव 27 ए निवासी 45 वर्षीय बलविन्द्र सिंह उर्फ बिन्द्र बॉर्डर क्षेत्र में घूमकर भारतीय नागरिकों के सिम कार्ड कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलरों तक पहुंचा रहा था। इन सिम कार्ड के माध्यम से भारतीय मोबाइल नंबरों पर पाकिस्तान में व्हाट्सऐप नंबर चालू करवाए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस का आरोप है कि इस गतिविधि के जरिए आरोपी भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले कृत्यों में संलिप्त था। इस संबंध में अनूपगढ़ थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों तथा पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जैतसर थाने में भी मामला दर्ज है। प्रकरण संख्या 102/2026 में एनडीपीएस एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में वह वांछित चल रहा था। इसी मामले में आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
कार्रवाई में अनूपगढ़ थानाधिकारी करतार सिंह के नेतृत्व में आसूचना अधिकारी पवन कुमार, कांस्टेबल केशर सिंह और ठाकराराम के साथ सीआईडी (आईबी) श्रीगंगानगर की टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान तक कैसे पहुंचाए जाते थे, पाकिस्तानी हैंडलरों से उसके संपर्क किस माध्यम से थे और इस गतिविधि में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले की जांच जारी है।
Updated on:
29 Aug 2026 07:33 pm
Published on:
29 Aug 2026 07:33 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
