
Jaipur Annu Gurjar Murder Case: जयपुर में न्यू आतिश मार्केट स्थित 'इक्का क्लब' में हुई अन्नू गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस जांच में एक के बाद एक नए तथ्य सामने आ रहे हैं। शुरुआती तौर पर जिन आरोपियों को आपस में करीबी दोस्त माना जा रहा था, जांच में अब उनकी दुश्मनी की असली वजह सामने आई है। भरतपुर में डॉक्टर दंपति की हत्या का आरोपी अनुज गुर्जर और जयपुर के सांगानेर सदर में गोल्डी तथा जेल में पाकिस्तानी नागरिक की हत्या करने वाला कैदी कुलदीप गुर्जर दिखावे के लिए दोस्त थे। असल में दोनों के बीच लंबे समय से गहरी रंजिश चल रही थी, जिसे वे सार्वजनिक तौर पर जाहिर नहीं होने देते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों के बीच जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट रोड स्थित एक होटल पर अपना-अपना वर्चस्व कायम करने को लेकर विवाद था। मानसरोवर थानाधिकारी लखन खटाना ने बताया कि एयरपोर्ट रोड पर दो लोग साझेदारी में एक होटल चला रहे हैं। इन साझेदारों के बीच विवाद हो गया था। कुलदीप और अनुज इन दोनों साझेदारों के परिचित थे, इसलिए वे अलग-अलग पक्षों के समर्थन में उतर आए और होटल पर अपना-अपना दबदबा बनाने की कोशिश में जुट गए। यहीं से दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और दुश्मनी गहराती चली गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि भरतपुर जेल से फरार होने के बाद कुलदीप अपने साथी राजेश के साथ एयरपोर्ट रोड स्थित उसी होटल पर पहुंचा था। वहां अनुज भी आ गया। इस दौरान फरार चल रहे आरोपी आकाश गुर्जर ने कुलदीप की मेजबानी करने की बात कही, जिसके बाद अनुज सभी को लेकर न्यू आतिश मार्केट स्थित 'इक्का क्लब' पहुंच गया। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों को पहले से एक-दूसरे पर अपनी हत्या कराने की साजिश रचने का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच अविश्वास लगातार बढ़ रहा था।
क्लब में शराब पार्टी के दौरान एक युवती से अभद्रता की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और फिर चाकूबाजी शुरू हो गई। इस झड़प में अन्नू गुर्जर की मौत हो गई और क्लब में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस आरोपी अनुज को वारदात स्थल पर ले जाकर नक्शा मौका मुआयना करवा चुकी है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही, पुलिस अब होटल के दोनों साझेदारों से भी इस विवाद को लेकर गहन पूछताछ करेगी।