Railway Rules Changes : राजस्थान सहित देश के सभी दिव्यांग रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने रियायती सुविधाओं के नियमों में बदलाव करते हुए यूनिक डिसेबिलिटी आइडी (यूडीआइडी) के आधार पर प्रमाण-पत्र जारी करने की नई व्यवस्था लागू की है।
Railway Rules Changes : दिव्यांग रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने रियायती सुविधाओं के नियमों में बदलाव करते हुए यूनिक डिसेबिलिटी आइडी (यूडीआइडी) के आधार पर प्रमाण-पत्र जारी करने की नई व्यवस्था लागू की है। नई व्यवस्था के तहत 35 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांग यात्रियों के लिए यूडीआइडी आजीवन मान्य होगी। वहीं 25 वर्ष तक के लिए 5 वर्ष और 26 से 35 वर्ष आयु वर्ग के लिए 10 वर्ष की वैधता निर्धारित की गई है। इस व्यवस्था से राजस्थान के दिव्यांग यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
अब तक दिव्यांग यात्रियों को रियायती टिकट के लिए विशेष पहचान पत्र बनवाना पड़ता था। यह प्रक्रिया ऑफलाइन थी, इसलिए आवेदक को रेलवे कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इसके चलते यात्रियों को समय, पैसा और श्रम तीनों का नुकसान उठाना पड़ता था। साथ ही हर पांच वर्ष में पहचान पत्र का नवीनीकरण (रिन्यूअल) करना पड़ता था।
नई व्यवस्था में रेलवे ने इस प्रक्रिया को डिजिटल और सरल बना दिया है। अब दिव्यांग यात्रियों को रियायती आइडी कार्ड बनवाने के लिए यूडीआइडी कार्ड का उपयोग करना होगा और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। एक बार आइडी जारी होने के बाद, निर्धारित नियमों के अनुसार उसकी वैधता रहेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, केवल विशेष परिस्थितियों में ही इस आइडी को अपडेट करवाना आवश्यक होगा। जैसे दिव्यांगता की श्रेणी या प्रतिशत में बदलाव होने पर, या व्यक्तिगत जानकारी (नाम, पता आदि) में परिवर्तन होने की स्थिति में ही संबंधित जानकारी को ऑनलाइन अपडेट किया जा सकेगा।
एक अन्य न्यूज में रेलवे की गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा के लिए साबरमती से आसनसोल के बीच दो ट्रिप एसी स्पेशल ट्रेन संचालित करेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, साबरमती-आसनसोल साप्ताहिक एसी स्पेशल ट्रेन 17 व 24 अप्रेल को (2 ट्रिप) साबरमती से रात 10.55 बजे रवाना होकर शनिवार को जयपुर स्टेशन पर सुबह 8:30 बजे आएगी। दस मिनट के ठहराव के बाद रवाना होकर रविवार को दोपहर 1.15 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
आसनसोल से यह ट्रेन 19 व 26 अप्रेल को (02 ट्रिप) शाम 4.10 बजे रवाना होकर सोमवार को जयपुर स्टेशन पर रात 8.30 बजे पहुंचेगी। दस मिनट के ठहराव के बाद रवाना होकर मंगलवार को सुबह 7.15 बजे साबरमती पहुंचेगी।यह ट्रेन महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह, टूण्डला समेत कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।