जयपुर

ओडिशा से जयपुर आ रही 150 किलो गांजे की खेप पकड़ी, ANTF-NCB ने 4 तस्करों को किया गिरफ्तार

राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अब तक के सबसे बड़े नशे का अंतर्राज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त किया है। उड़ीसा से राजस्थान आ रही गांजे की एक बड़ी खेप को बारां जिले में पकड़ा है। जब्त किए गए 149.862 किलोग्राम गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई जा रही है
2 min read
Jul 02, 2026
ganja seizure
फोटो पत्रिका नेटवर्क

ANTF-NCB Joint Operation : जयपुर। राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अब तक के सबसे बड़े नशे का अंतर्राज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त किया है। उड़ीसा से राजस्थान आ रही गांजे की एक बड़ी खेप को बारां जिले में पकड़ा है। जब्त किए गए 149.862 किलोग्राम गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई जा रही है, जिसे जयपुर में बड़े पैमाने पर सप्लाई किया जाना था

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि एनसीबी जयपुर चीफ अभिषेक नारायण सिन्हा की नियुक्ति के साथ ही दोनों जांच एजेंसियों ने रणनीति बनाकर तस्करों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि कालुलाल (48) पुत्र मोहनलाल बागड़ी (मोगिया) निवासी संबलपुर, थाना बारां सदर, रेणु (25) पुत्र जोधराम बागड़ी (मोगिया) निवासी गजनपुरा बम्बुलिया, कोतवाली बारां, नरेश (32) पुत्र जोधराम बागड़ी (मोगिया) निवासी गजनपुरा बम्बुलिया, कोतवाली बारां, लोकेश (23) पुत्र नन्दलाल बागड़ी (मोगिया) निवासी बम्बुलिया माताजी, थाना अंता (बारां) को गिरफ्तार किया है।

साये की तरह पीछे लगी रही टीम

एएनटीएफ और एनसीबी की टीमों को सूचना मिली थी कि राजस्थान के कुछ शातिर तस्कर उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में खिलौने बेचने के बहाने जाते हैं और वहां से बेहद सस्ते दामों में गांजा खरीदकर लाते हैं। इस पर एक विशेष टीम उड़ीसा पहुंची। वहां पता चला कि तस्कर रायपुर की तरफ निकल चुके हैं और झांसी जाने वाली ट्रेन में बैठ गए। टीम रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और उसी ट्रेन में सवार हो गई। झांसी स्टेशन पर उतरकर तस्करों ने एक पिकअप गाड़ी किराए पर ली और अपने परिवार के सदस्यों को बैठाकर राजस्थान की तरफ रवाना हुए।

मुंडियार टोल प्लाजा पर चारों तरफ से घेरा

ट्रेन में पीछा कर रही टीम से इनपुट मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत एक अन्य टीम को बारां जिले के नेशनल हाईवे स्थित मुंडियार टोल प्लाजा पर तैनात कर दिया। जैसे ही पिकअप टोल पर आई, टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। टीम गाड़ी को शाहबाद थाने लाकर तलाशी ली गई, तो गांजे के 50 बड़े पैकेट (कुल वजन 149.862 किलो) बरामद हुए।

लालच ने बनाया बड़ा तस्कर

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे उड़ीसा-छत्तीसगढ़ से महज 2 हजार रुपए प्रति किलो के भाव से गांजा खरीदते थे और राजस्थान लाकर उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। शुरुआत में उन्होंने छोटी मात्रा से काम शुरू किया, लेकिन जब मोटी कमाई होने लगी, तो लालच बढ़ गया और वे कोटा, भरतपुर, जयपुर सहित कई जिलों में बड़ी खेप सप्लाई करने लगे।

Updated on:
02 Jul 2026 05:02 pm
Published on:
02 Jul 2026 05:02 pm