Rajasthan Clerk Bharti Scam: जयपुर जिला परिषद में 65 फर्जी लिपिकों का मामला सामने आया है। जांच कमेटी की तरफ से सौंपी गई 1198 पन्नों की रिपोर्ट से इस मामले की जानकारी सामने आई है। शासन सचिव ने फर्जी लिपिकों को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं।
जयपुर। प्रदेश के बीकानेर, अलवर, सीकर व हनुमानगढ़ जिलों के बाद अब जयपुर में लिपिक भर्ती-2013 में फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है। जिला स्तर पर एडीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी की ओर से 65 लिपिकों के दस्तावेज में गड़बड़ी सामने आई है। इनको बर्खास्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई है, इससे पहले जिला परिषद जयपुर के एसीईओ शेर सिंह लुहाड़िया ने इन सभी लिपिकों को जवाब पेश करने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
कई जिलों में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब पंचायती राज विभाग के शासन सचिव जोगाराम ने सभी जिलों के सीईओ को आदेश दिए हैं कि ऐसे सभी केस की जांच कर उन्हें नौकरी से हटाया जाए। अब तक कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों को भी चार्जशीट थमाने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन सचिव ने यह भी पूछा है कि वर्ष 2017 व 2018 में कार्रवाई के आदेश हो गए थे, तो अब तक एक्शन क्यों नहीं लिया गया? जयपुर जिला परिषद में लिपिक भर्ती फर्जीवाड़े का एक केस सामने आने के बाद तत्कालीन जिला कलक्टर जितेंद्र सोनी ने सभी भर्ती लिपिकों के दस्तावेज की जांच तत्कालीन एडीएम कुंतल विश्नोई की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर कराई थी।
1198 पेज की रिपोर्ट सौंपी गई, जिसमें 65 लिपिकों के दस्तावेज विधि मान्य नहीं मिले, जिसमें 22 ऐसे हैं, जिनके कंप्यूटर प्रमाण पत्रों में भिन्नता है। 32 लिपिकों ने एक ही समय पर दो डिग्रियां ली हैं और 11 लिपिकों के पास ऑफ कैंपस स्टडी के प्रमाण पत्र मिले हैं। इन लिपिकों से जवाब मांगा गया है।
जिन लिपिकों के दस्तावेज में खामियां मिली हैं। बर्खास्तगी के नोटिस जारी किए गए। इस पर अमल होता, इससे पहले ही जयपुर कलक्टर जितेंद्र सोनी का तबादला हो गया। आरोप है कि रसूखदार लिपिक नेताओं से लेकर बड़े लोगों की सिफारिशें करवा रहे हैं।
लिपिक भर्ती में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा होने पर सरकार ने इसकी जांच एसओजी से कराने के लिए विधानसभा में कहा। मंत्री मदन दिलावर ने इसकी घोषणा की, लेकिन अब तक जांच एसओजी से कराने को लेकर कोई पत्र सामने नहीं आया।
'जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लिपिकों ने नोटिस के जवाब भेजे हैं, जो जांच कमेटी के समक्ष भेज दिए गए हैं। अब कमेटी जवाब के आधार पर आगे एक्शन लेगी।' -शेर सिंह, एसीईओ, जिला परिषद जयपुर