
जयपुर। शहर की आठ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के दावेदारों की सूची लंबी होती जा रही है। इसे देखते हुए अब पार्टी दावेदार के कांग्रेस से जुड़ाव की मजबूती और जातिगत समीकरणों को आधार बना सकती है। शहर की चार सीटें तो ऐसी हैं, जहां पर इस बार भी पिछली बार पराजित रहे प्रत्याशी प्रमुख दावेदार हैं। इनमे सिविल लाइंस, मालवीय नगर, किशनपोल और हवामहल क्षेत्र शामिल हैं।
विद्याधर नगर में भी पिछली बार के प्रत्याशी दावेदार हैं, लेकिन यहां अन्य कई प्रमुख दावेदार भी इस दौड़ में शामिल हो चुके हैं। आदर्श नगर, विद्याधर नगर, सांगानेर, बगरू और किशनपोल और हवामहल ऐसी सीटें हैं, जहां जातिगत समीकरण आधार बनाए जाने की संभावना है।
सबसे बड़ा टकराव:
किशनपोल में पिछली बार अमीन कागजी प्रत्याशी थे। इस बार भी दावेदार हैं। यहां से दावेदारी में बड़ा नाम पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल का भी है। सांगानेर सीट से भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और यहीं से पिछली बार भाजपा के टिकट पर विधायक बने घनश्याम तिवाड़ी खुद को उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस के लिए मजबूत दावेदार तलाश करना बड़ी चुनौती बन चुका है। यहां से चर्चा में बड़ा नाम पूर्व सांसद महेश जोशी का है।
हवामहल:
इस सीट पर पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक बृजकिशोर स्वाभाविक दावेदार हैं। लेकिन यहां से पूर्व सांसद महेश जोशी की दावेदारी से टिकट का वितरण कांग्रेस के लिए बडी चुनौती बन चुका है।
कहां क्या स्थिति:
आदर्श नगर, किशनपोल व हवामहल क्षेत्र में मुस्लिम मतदाता ज्यादा हैं। कांग्रेस ने इस आधार पर आदर्श नगर और किशनपोल में पिछली बार मुस्लिम प्रत्याशी उतारे थे।
प्रमुख नेता जो जता रहे दावेदारी
महेश जोशी - हवामहल, सांगानेर से भी चर्चा में
बृजकिशोर शर्मा - हवामहल
अर्चना शर्मा - मालवीय नगर
ज्योति खंडेलवाल - किशनपोल
प्रताप सिंह खाचरियावास - सिविल लाइंस
अमीन कागजी - किशनपोल
विजय गर्ग - मालवीय नगर व विद्याधर नगर
राजीव अरोड़ा - आदर्श नगर
संजय बापना - सांगानेर, मालवीय नगर से भी चर्चा