
जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच बीजेपी के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वो यह कह रहे है कि एक बार राजकुमार बराला को जिता दो, आपका एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा। चौमूं नगर परिषद के वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार बराला के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पूर्व विधायक रामलाल शर्मा यह बयान दिया, जो सियासी गलियारों में चर्चा का का विषय बना हुआ है।
कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए चौमूं से पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि एक बार राजकुमार बराला को जिता दो, आपके किसी भी काम में कोई कमी नहीं आएगी। इस दौरान उन्होंने शादी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि आपका एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा।
बता दें कि पिछले साल 43 वर्षीय एक युवक ने शादी न होने से परेशान होकर पूर्व विधायक रामलाल शर्मा को पत्र लिखकर शादी करवाने की गुहार लगाई थी। जिसमें चौमूं के चितवाड़ी निवासी कैलाश शर्मा ने कहा था कि आपका सोशल मीडिया पर बयान देखा था, जिसमें आप 40 वर्ष की उम्र वाले अविवाहित युवाओं की शादी कराने की बात कर रहे थे। मेरी उम्र 43 साल है, लेकिन अब तक मेरी शादी नहीं हुई है। कृपया मेरी शादी करवाने की कृपा करें। पूर्व विधायक रामलाल शर्मा के हाल ही में दिए बयान को इसी से जोड़कर ही देखा जा रहा है।
बता दें कि चौमूं नगर परिषद के 45 वार्डों में 119 प्रत्याशी चुनाव में डटे है। भाजपा और कांग्रेस के बीच अधिकांश वार्डों में सीधी टक्कर है, जबकि रालोपा और निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। इनमें कई निर्दलीय बागी भी है, जो दोनों प्रमुख दलों की चिंता बढ़ा रहे है।
वार्ड 1, 2, 3, 4, 7, 9, 10, 11, 12, 14, 16, 17, 22, 23, 27, 28, 31, 34, 35, 36, 38, 40, 41, 42 और 45 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं 12 वार्डों में त्रिकोणीय चुनाव है। इनमें वार्ड 5, 6, 8, 15, 18, 19, 24, 26, 30, 37, 43 और 44 में भाजपा-कांग्रेस के साथ अतिरिक्त प्रत्याशी भी मैदान में है। इन वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है और निर्दलीय प्रत्याशी समीकरण बिगाड़ने की स्थिति में है।
वार्ड 13, 20, 21, 25, 29, 33 और 39 में चार-चार प्रत्याशी मैदान में है। वहीं वार्ड 32 में पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प बना हुआ है।