Neem-ka-Thana–Narheda Bypass: लंबे इंतजार के बाद आखिर नीमकाथाना-नारहेड़ा (स्टेट हाइवे-37बी) बाइपास का निर्माण पूरा हो गया है। इस पर वाहनों का संचालन 15 अप्रैल तक शुरू हो जाएगा।
जयपुर/कोटपूतली। लंबे इंतजार के बाद आखिर नीमकाथाना-नारहेड़ा (स्टेट हाइवे-37बी) बाइपास का निर्माण पूरा हो गया है। इस पर वाहनों का संचालन 15 अप्रेल तक शुरू हो जाएगा। बाइपास के शुरू होते ही शहर में डाबला रोड व सर्विस लेन पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, वहीं, भारी वाहनों से होने वाले हादसों पर भी अंकुश लगेगा। हालांकि निर्माण पूरा होने के बाद आंशिक रूप से वाहनों का संचालन शुरू हो चुका है।
प्रशासन के अनुसार आरएसआरडीसी की ओर से बाइपास पर टोल नाका शुरू होने के साथ ही शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री लागू कर दी जाएगी, जिससे नीमकाथाना-सीकर की ओर से दिल्ली व अम्बाला-चंडीगढ़ जाने वाले वाहन सीधे बाइपास से गुजरेंगे और शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। बाइपास नारहेड़ा से शुरू होकर पनियाला थाने के समीप अम्बाला स्टेट हाईवे से जोड़ा गया है।
इस 14.65 किमी लंबे मार्ग के निर्माण पर 67.82 करोड़ रुपए खर्च हुए है, जबकि भूमि अधिग्रहण पर 68.09 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। सड़क की चौड़ाई 12 मीटर रखी गई है और दोनों ओर डेढ़-डेढ़ फीट के शोल्डर बनाए गए है। निर्माण कार्य अक्टूबर 2023 में शुरू हुआ था, जो अब पूर्ण हो चुका है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता वीएस शेखावत ने बताया कि जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पनियाला मोड़ अब चार प्रमुख मार्गों का मल्टी-हाईवे कनेक्टिविटी हब बन जाएगा। यहां पहले से जयपुर-दिल्ली हाईवे, अम्बाला स्टेट हाइवे और बड़ौदामेव-अलवर मार्ग जुड़े हुए है। अब नीमकाथाना बाइपास के जुड़ने से यह क्षेत्र क्षेत्रीय ट्रैफिक का प्रमुख केन्द्र बन जाएगा, जिससे लंबी दूरी के वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।
नारहेड़ा, सरूण्ड सहित आसपास के गांवों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक ओवरलोड व भारी वाहन इन गांवों के भीड़भाड़ वाले मार्गों से गुजरते थे, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती थी। बाइपास शुरू होने के बाद भारी वाहन गांवों में प्रवेश नहीं करेंगे। नव निर्मित बाइपास नारहेड़ा, खेड़ा निहालपुरा, पूरणनगर, नौरंगपुरा, गोपालपुरा, जयसिंहपुर, बनका करवास, खेडक़ी मुक्कड़ व कालूहेड़ा गांव के समीप से होकर गुजरेगा। बाइपास को आबादी से दूर रखा गया है।
बाइपास का निर्माण पूरा हो गया है। 15 अप्रेल तक विधिवत संचालन शुरू होगा। इससे शहर के डाबला रोड व सर्विसलेन पर आए दिन लगने वाले जाम और हादसों में कमी आएगी।
-वीएस शेखावत, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, कोटपूतली