8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Elevated Road: राजस्थान के इस शहर में बन रहा नया एलिवेटेड रोड, 136.89 करोड़ होंगे खर्च

Udaipur Elevated Road: राजस्थान के उदयपुर शहर में रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का निर्माण अब तेजी से आकार लेने लगा है।

2 min read
Google source verification
Udaipur New Elevated Road

उदयपुर में बन रहा एलिवेटेड रोड। फोटो: पत्रिका

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर शहर में रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का निर्माण अब तेजी से आकार लेने लगा है। परियोजना के तहत रेलवे स्टेशन के आगे टाउन हॉल के सामने चार मजबूत पिलरों पर गडर रखकर ढांचा खड़ा किया जा रहा है, जिससे कार्य में गति आई है।

इस एलिवेटेड रोड के बनने से उदयपुर शहर के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी। साथ ही शहरवासियों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इसके अलावा यात्रा का समय भी घटेगा।

बता दें कि रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक बनने वाले 2.7 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड की नींव 8 नवंबर 2024 को नींव रखी गई थी। इसके बाद 28 दिसंबर 2024 को एलिवेटेड रोड का काम शुरू हुआ था।

तोरण बावड़ी व देहली गेट पर 90 डिग्री के कर्व होंगे

2.7 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड सिंगल पिलर पर खड़ा हो रहा है। इसकी चौड़ाई थ्री लेन के बराबर होगी, लेकिन यह टू लेन ही कहलाएगा। तोरण बावड़ी व देहली गेट पर 90 डिग्री के कर्व होंगे, यहां इसकी चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। दोनों ही जगह जयपुर व दिल्ली में बने एलिवेटेड रोड की तरह ही दो बीम पर पोर्टम फ्रेम के जरिए काम किया जा रहा है। यह सड़क मार्ग नेशनल हाईवे की श्रेणी में नहीं आकर शहरी मार्ग कहलाएगा।

ये रहेगा रूट

एलिवेटेड रोड पर चढ़ाव सिटी रेलवे स्टेशन के आगे से शुरू होगा। यहां से यह मार्ग उदयापोल, सूरजपोल, टाउनहॉल रोड, देहलीगेट, कलेक्ट्री रोड और कोर्ट चौराहा होते हुए कलेक्टर बंगले तक पहुंचेगा। इसके बाद आगे बंशीपान क्षेत्र के पास यह एलिवेटेड रोड नीचे उतरेगी।इस रूट के तैयार होने से शहर के सबसे व्यस्त बाजार और चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा।

पिलरों पर ही खड़ा होगा रोड

एलिवेटेड रोड पिलरों पर ही खड़ा होगा। इस परियोजना में कुल 117 पिलर बनाए जाने हैं, इनमें से करीब 75 पिलर का काम पूरा हो चुका है। यहां विशेष तकनीक से पिलरों के फाउंडेशन तैयार किए जा रहे हैं। एक पिलर के निर्माण में करीब 15 दिन का समय लग रहा है।

अगले साल तक पूरा होगा काम

उदयपुर रेलवे स्टेशन से कलक्टर के बंगले तक प्रस्तावित टू लेन एलिवेटेड रोड काम करीब 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। नए एलिवेटेड रोड का काम अप्रेल 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा है। एलिवेटेड रोड पर करीब 136.89 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसमें उदयपुर नगर निगम निगम ने 47.91 करोड़ रुपए, उदयपुर विकास प्राधिकरण ने 61.60 करोड़ रुपए और राजस्थान सरकार की ओर से 27.38 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है।

ऐसे रहेगा एलिवेटेड रोड

2.7 किलोमीटर होगी एलिवेटेड रोड की लंबाई
12 मीटर आउटर टू आउटर होगी चौड़ाई
पिलर पर ही खड़ा होगा एलिवेटेड रोड, लेकिन कर्व पर बढ़ेगी चौड़ाई
90 डिग्री के दो कर्व, जहां आइआरसी के तहत बढ़ाई जाएगी चौड़ाई
2 कर्व तोरण बावड़ी व देहली गेट पर रहेंगे, जहां पर नहीं होंगे सिंगल पिलर
2 कर्व वाले स्थान पर होगी पोर्टल फ्रेम यानी दूर खड़े होंगे दो कॉलम