जयपुर

VIDEO: राजस्थान पुलिस की सिफारिशी तबादला सूची आई सामने, CMO-सांसदों-MLA तक की लगी पहुंच

- आधे से ज्यादा एसआई का सिफारिशों के बाद हुआ तबादला, गृह विभाग, सांसद, विधायक और मंत्रियों की सिफारिशों से लगे एसआई

2 min read
Jan 05, 2018

जयंत शर्मा/ जयपुर।

चुनावी साल में सिफारिशों का खेल किस तरह से चलता है इसकी बानगी भर है राजस्थान पुलिस की हाल ही में आई तबादला सूची। तबादला सूची में 147 सब इंस्पेक्टर को इधर से उधर किया गया है। लिस्ट में बड़ी बात यह है कि इनमें से आधे से भी ज्यादा सब इंस्पेक्टर सिफारिशी हैं।

इन सब इंस्पेक्टर का तबादला गृह विभाग के अफसरों के साथ ही विधायक, सांसद यहां तक कि मंत्रियों की डिजायर पर हुआ है। इस सूची की सबसे बड़ी बात यह है कि जिसकी सिफारिश से तबादला किया गया है उसका नाम भी सूची में शामिल किया गया है। विभाग के अफसरों का भी दबी जुबान में यही कहना है कि चुनाव साल है क्यों किसी ने अनबन मोल ली जाए।

सात से ज्यादा पुलिस रेंज में हुए तबादले
तीन दिन पहले जारी हुई इन तबादला सूची में प्रदेश की महत्वपूर्ण पुलिस रेंज के नाम शामिल हैं। इन रेंज में जयपुर, जोधपुर , उदयपुर , कोटा , जैसलमेर जैसी पुलिस रेंज के साथ ही अन्य रेंज भी शामिल हैं। प्रदेश पुलिस की इस लिस्ट में सात से भी ज्यादा पुलिस रेंज शामिल हैं। इन पुलिस रेंज में 147 सब इंस्पेक्टर को इधर से उधर किया गया है।

ग्रामीण थानों में सब इंस्पेक्टर ही बनाए जाते हैं थानेदार
प्रदेश पुलिस में वर्तमान में 1200 से भी ज्यादा पुलिस इंस्पेक्टर के पद हैं। इनमें से करीब आठ सौ पदों पर प्रदेश भर में इंस्पेक्टर तैनात हैं। सौ से भी ज्यादा इंस्पेक्टर प्रदेश पुलिस की अन्य एजेंसीज में लगाए गए हैं। जबकि प्रदेश भर में 860 पुलिस थाने हैं। इनमें लगाने के लिए राजस्थान पुलिस के पास करीब 700 पुलिस इंस्पेक्टर हैं। यहीं कारण है कि प्रदेश के करीब 150 पुलिस थानों में सब इंस्पेक्टर्स को ही थानों का जिम्मा सौंपा गया है। हांलाकि इनकी संख्या ग्रामीण पुलिस थानों में ज्यादा है।

सांसद, विधायक, मंत्री, संसदीय सचिव कोई पीछे नहीं
हाल ही में जो सूची पुलिस मुख्यालय से जारी हुई है। इसमें पुलिस अधीक्षकों समेत मंत्री, सांसद और विधायकों के नाम भी शामिल हैं। सूची के अनुसार राज्य मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह ने बीकानेर रेंज में लगे राजेन्द्र सिंह को जयपुर कमिश्नरेट में लगवाया है।

राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने जोधपुर रेंज में लगी सरीता विश्नोई को सीआईडी सीबी डिस्कॉम में लगवाया है। एमएलए प्रेम सिंह बाजोर की सिफारिश पर कमिश्नरेट जयपुर में लगे सवाई सिंह को जयपुर रेंज में लाया गया है।

सीएम ऑफिस की सिफारिश पर कोटा रेंज के सुरेश पोटलिया को अजमेर रेंज में लगाया गया है। संसदीय सचिव की सिफारिश पर जयपुर कमिश्नरेट में लगे दीपक कुमार को सीआईडीसीबी, एससीआरबी में भेजा गया है।

सीएमओ के कहने पर ही कोटा रेंज के दलवीर सिंह को अजमेर रेंज भेजा गया है। जयपुर कमिश्नरेट में लगे जगदीश सिंह ने तो जीआरपी अजमेर जाने के लिए एमएलए मसूदा और रेलवे के एडीजीपी की सिफारिश ली है। सांसद सीपी जोशी की अनुशंसा पर अजमेर रेंज के मिट्ठू सिंह को उदयपुर लगाया गया है।

147 में 78 सिफारिशी
सूची में जिन 147 सब इंस्पेक्टर के तबादले हुए हैं। इनमें से आधे से ज्यादा 78 सब इंस्पेक्टर सिफारिशी हैं। इन सब इंस्पेक्टर्स के पास एमएलए, एमपी, विधायक, मंत्री, संसदीय सचिव और अन्य अफसरों की सिफारिश है।

ये भी पढ़ें

अब विदेशी फिल्म मेकर्स को सताने लगा जान का खतरा! बोले- ना बाबा ना, जयपुर तो अब कभी नहीं आना
Published on:
05 Jan 2018 01:13 pm
Also Read
View All