जयपुर

Rajasthan Politics : महेन्द्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस में हुई वापसी, हाईकमान की लगी मुहर

Rajasthan Politics : भाजपा को बाय-बाय कह कर कांग्रेस में दोबारा शामिल होने आए महेंद्रजीत सिंह मालवीया की पार्टी में वापसी पर कांग्रेस हाईकमान की मुहर लग गई है। महेन्द्रजीत सिंह मालवीय एक बार फिर से कांग्रेस नेता कहलाएंगे।
2 min read
Rajasthan Politics Mahendrajeet Singh Malviya has returned to Congress party high command approval these six others are also in line
महेंद्रजीत सिंह मालवीया। फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan Politics : भाजपा को बाय-बाय कह कर कांग्रेस में दोबारा शामिल होने आए महेंद्रजीत सिंह मालवीया की पार्टी में वापसी पर कांग्रेस हाईकमान की मुहर लग गई है। अनुशासन समिति की रिपोर्ट के बाद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की मंजूरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मुहर के बाद राजस्थान कांग्रेस ने महेंद्रजीत सिंह मालवीया की कांग्रेस में वापसी का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है।

महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने 11 जनवरी को ही कांग्रेस पार्टी का हाथ थामने की बात कही थी। पर मालवीया की वापसी को औपचारिक अमलीजामा पहनाने में 5 दिन का समय लगा। लोकसभा चुनाव 2024 में मालवीया ने अचानक बीजेपी का दामन थाम लिया था।

अनुशासन समिति रिपोर्ट पीसीसी चीफ को सौंपी

भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में आने के उतावले महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने 11 जनवरी को प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से मुलाकात की। मौके पर पीएससी के गोविंद डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी साथ थे। इसके बाद गोविंद डोटासरा ने यह मामला पार्टी की अनुशासन समिति को भेज दिया था। शुक्रवार को अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना की अगुवाई में शकुंतला रावत, विनोद गोठवाल और हाकम अली ने विचार मंथन के बाद रिपोर्ट पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा को सौंप दी थी।

अनुशासन समिति की शुक्रवार को हुई थी बैठक

इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति अध्यक्ष उदयलाल आंजना की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर मिली शिकायतों के साथ-साथ पूर्व में निष्कासित नेताओं की कांग्रेस में वापसी को लेकर आए आवेदनों पर चर्चा की गई।

मालवीया के अलावा 6 और नेता कांग्रेस में होना चाहते हैं शामिल

सूत्रों के अनुसार, उन नेताओं के आवेदनों पर भी विमर्श हुआ, जो पुनः कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। इनमें पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया के अलावा कांता भील, खिलाड़ीलाल बैरवा, कैलाश मीणा, सुभाष तंबोली और गोपाल गुर्जर सहित अन्य नेताओं के नाम सामने आए।

कांग्रेस में वापसी को लेकर अनुशासन समिति में हुई चर्चा

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उदयलाल आंजना ने बताया कि मालवीया सहित सात नेताओं की कांग्रेस में वापसी को लेकर अनुशासन समिति में चर्चा हुई है।

शकुंतला रावत दावा, अभी और नेता कांग्रेस में होंगे शामिल

अनुशासन समिति सदस्य शकुंतला रावत ने कहा कि कई कांग्रेस नेताओं को दबाव में भाजपा में ले जाया गया था, लेकिन अब उनमें से कई नेताओं का भाजपा से मोहभंग हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा के और भी नेता कांग्रेस में शामिल होंगे और कई नेताओं ने इसके लिए संपर्क किया है।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
: https://bit.ly/4bg81fl

Updated on:
17 Jan 2026 12:37 pm
Published on:
17 Jan 2026 12:37 pm